लोहरदगा में दर्दनाक सड़क हादसा: दो स्कूटियों की भिड़ंत में 3 युवाओं की गई जान, 3 अस्पताल में भर्ती
लोहरदगा के भंडरा में दो स्कूटियों की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई और तीन ...और पढ़ें

घायल युवा का इलाज करते डॉक्टर। फोटो जागरण
HighLights
भंडरा-लोहरदगा मुख्य पथ पर दो स्कूटियों की टक्कर।
हादसे में तीन युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत।
तीन अन्य गंभीर रूप से घायल, रिम्स रांची रेफर।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। भंडरा-लोहरदगा मुख्य पथ पर भंडरा थाना क्षेत्र के सेगरा टोली के समीप दो स्कूटी के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि इस दुर्घटना में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों स्कूटियों के परखच्चे उड़ गए और उसपर सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत माडल सीएचसी भंडरा पहुंचाया। जहां पर जांच के बाद ऑन-ड्यूटी चिकित्सक डॉ. सन्नी कुमार ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन घायल युवकों की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, मृत तीनों युवकों की पहचान हो चुकी है। इनमें गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत आमलिया बांध टोली गांव निवासी सोहराई उरांव का पुत्र सोनू उरांव (22 वर्ष), रांची जिले के मांडर थाना क्षेत्र के पुंगी गांव निवासी झरिया उरांव का पुत्र उदय उरांव (21 वर्ष) तथा दुलू लोहरा के पुत्र मनीष लोहरा (19 वर्ष) शामिल हैं।
एक स्कूटी में 3 लोग थे सवार
बताया जाता है कि स्कूटी सवार भरनो के आमलिया गांव के तीन युवक एक ही स्कूटी से लोहरदगा से फुटबाल मैच देखकर अपने घर लौट रहे थे, तभी सेगरा टोली के समीप विपरीति दिशा से आ रही दूसरी स्कूटी से भिड़ंत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई। भंडरा थाना पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया। इस हादसे के बाद मृतक के स्वजनों की रो-रोकर हाल बेहाल है और गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।
