विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में पटरी से उतरी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन, रेलवे ट्रैक पर भेड़िए का सिर फंसने से हुआ हादसा 

Published: Sun, 16 Aug 2026 08:16 AM (IST)Updated: Sun, 16 Aug 2026 08:35 AM (IST)

सिल्ली-मुरी बोकारो रेलखंड पर 08895 मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का तीसरा बोगी पटरी से उतर गया। हादसे में कोई ...और पढ़ें

श्रावणी स्पेशल ट्रेन । फोटो जागरण

श्रावणी स्पेशल ट्रेन । फोटो जागरण

HighLights

  1. मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का बोगी पटरी से उतरा।

  2. हादसे में सभी कांवरिया सुरक्षित, कोई हताहत नहीं।

  3. रेलखंड जल्द बहाल, कई ट्रेनें मार्ग बदलकर चलीं।

जागरण संवाददाता, रांची। सिल्ली-मुरी-बोकारो रेलखंड पर शनिवार तड़के श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन संख्या 08895 का एक पहिया पटरी से उतर गया। घटना पोल संख्या 354/एसए-4 के पास हुई। ट्रेन के इंजन से तीसरे कोच संख्या एसईसी 64776 का एक पहिया पटरी से उतरने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

WhatsApp Image 2026-08-16 at 7.55.13 AM (1)

हालांकि, घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। कोच में सवार कांवरियों को सुरक्षित उतार लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक के पॉइंट एंड क्रॉसिंग में भेड़िए का सिर फंसने के कारण कोच का एक पहिया पटरी से उतर गया। 

WhatsApp Image 2026-08-16 at 7.55.13 AM

घटना की सूचना मिलते ही रांची रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह सहित रेलवे अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे।

राहत दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर कोच को पटरी पर ला दिया। इसके बाद कोच को मुरी यार्ड में भेज दिया गया।

घटनास्थल पर रेलवे पटरी की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया। एहतियात के तौर पर इस दौरान कई ट्रेनों का मार्ग बदला गया। करीब एक घंटे की कार्रवाई के बाद बोकारो रेलखंड पर सुबह लगभग 5:15 बजे रेल परिचालन बहाल कर दिया गया। घटना में सभी यात्री सुरक्षित रहे और ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।

क्या होता है पॉइंट एंड क्रॉसिंग

रेलवे ट्रैक में पॉइंट एंड क्रॉसिंग वह महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से ट्रेन को एक रेल लाइन से दूसरी रेल लाइन पर सुरक्षित तरीके से ले जाया जाता है। पॉइंट में चलायमान रेल हिस्से होते हैं, जिन्हें ट्रेन की दिशा बदलने के लिए निर्धारित स्थिति में रखा जाता है।

इसके माध्यम से ट्रेन को मुख्य लाइन से लूप या दूसरी लाइन पर भेजा जाता है। वहीं, क्रॉसिंग वह हिस्सा है जहां रेल पटरियों के मार्ग एक-दूसरे को काटते हैं और ट्रेन के पहियों को एक दिशा से दूसरी दिशा में सुरक्षित रूप से गुजरने की सुविधा मिलती है। स्टेशन और जंक्शन पर ट्रेनों का मार्ग बदलने में पॉइंट एंड क्रॉसिंग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

यह भी पढ़ें- JPSC-JSSC धांधली पर आर-पार के मूड में प्रदर्शनकारी छात्र, अब सीएम हेमंत सोरेन के आवास को घेरने की तैयारी