Lathehar News: लाठी डंडे से पीट-पीटकर सूबेदार की हत्या के मामले दो गिरफ्तार, भेजे गए जेल
सदर थाना क्षेत्र के नरेशगढ़ गांव में शनिवार की रात सूबेदार सिंह को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर देने के मामले में पुलिस ने बुधवार को दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोप है कि ससुराल वालों ने लाठी-डंडों से पीटकर हत्या की है।
लातेहार, जागरण संवाददाता। सदर थाना क्षेत्र के नरेशगढ़ गांव में शनिवार की रात सूबेदार सिंह को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर देने के मामले में पुलिस ने बुधवार को दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जिसमें भैंसमारा गांव निवासी संतोष सिंह उर्फ सोनू सिंह उम्र करीब 45 वर्ष और नरेशगढ़ निवासी शांति देवी पति राजेंद्र सिंह उम्र 30 वर्ष का नाम शामिल है।
लातेहार पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक सूबेदार सिंह की पत्नी शांति देवी ने लातेहार थाना में अपनी गोतनी शांति देवी समेत अन्य लोगों पर पति को लाठी डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने का मामला दर्ज कराया था। जिसके बाद लातेहार पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के निर्देश में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष मिश्र के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। जिसमें पुलिस के अनुसंधान के क्रम में पता चला कि मृतक के भाई राजेंद्र सिंह की पत्नी शांति देवी से जमीन को लेकर पूर्व से विवाद चल रहा था।
ससुराल पक्ष के लोगों ने लाठी डंडो से पीटा
इसी विवाद को लेकर उसे ससुराल वाले पक्ष के लोगों ने रात्रि में आकर सूबेदार सिंह के साथ लाठी डंडे से मारपीट की गई। जिसमें उसकी मृत्यु हो गई। मारपीट के क्रम में गांव के लोगों के एकजुट होने पर अपराधियों ने मोटरसाइकिल एवं मोबाइल छोड़ कर भाग गए। जिसमें पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर दो मोटरसाइकिल व एक मोबाइल को बरामद किया है।
अभियुक्तों की हुई गिरफ्तारी
इस घटना में शामिल शांति देवी पति राजेंद्र सिंह एवं संतोष सिंह उर्फ सोनू सिंह को लातेहार थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर मंडल कारा भेज दिया गया है। वहीं इस कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। इस छापेमारी अभियान में लातेहार पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, पुअनि धर्मेंद्र कुमार महतो, पुअनि दिवाकर धोबी, पुअनि गौरव सिंह व लातेहार थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।