न मास्क का इस्तेमाल, न शारीरिक दूरी का पालन
संवाद सूत्र चंदवा (लातेहार) कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सुरक्षा ही उपाय है।
संवाद सूत्र, चंदवा (लातेहार): कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सुरक्षा ही उपाय है। इसके लिए मास्क और शारीरिक दूरी आवश्यक है। प्रशासन भी इसके लिए लोगों को जागरूक कर रहा है मगर प्रशासन द्वारा किया गया प्रयास सफल होता नजर नहीं आ रहा। मास्क के प्रति लोग लापरवाह दिख रहे हैं। निर्धारित मापदंडों के अनुपालन से लोग परहेज करते दिखते हैं। कई लोग बिना मास्क के घर से निकल रहे हैं तो कई लोग तो एक ही मास्क को बिना धोए कई दिनों तक पहन रहे हैं। कई लोग महज औपचारिकता निभा रहे हैं। गांव और शहर दोनों का वही हाल है। युवकों और महिलाओं द्वारा विशेष लापरवाही बरती जा रही है। सार्वजनिक व भीड़-भाड़ वाले इलाकों में शारीरिक दूरी का पालन नहीं होने और मास्क का प्रयोग नहीं होता देख लोग संक्रमण से शंकित नजर आ रहे हैं।
कहते हैं चिकित्सक:
सीएचसी प्रभारी डा. निर्मला शांति लकड़ा और सीनियर चिकित्सक डा. नंद कुमार पांडेय ने कहा कि कोरोना अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। फिलवक्त मास्क और शारीरिक दूरी का अनुपालन जीवन का हिस्सा बन गया है। इसे नजरअंदाज करना खुद के साथ परिवार और समाज को खतरे में डालना है। आवश्यक है कि सभी लोग थ्री लेयर वाला मास्क का प्रयोग करें। मास्क के प्रयोग के बाद प्रतिदिन धो लें। मास्क नहीं होने पर रूमाल अथवा गमछे का प्रयोग किया जा सकता है।