छह नाबालिग लड़कियों को तस्करों से मुक्त करा घर भेजा
संवाद सूत्र मनिका (लातेहार) थाना क्षेत्र के हाईस्कूल के पास से मनिका थाना प्रभारी प्रभाकर म
संवाद सूत्र, मनिका (लातेहार) : थाना क्षेत्र के हाईस्कूल के पास से मनिका थाना प्रभारी प्रभाकर मुंडा ने गुप्त सूचना के आधार पर बीती रात छह नाबालिग लड़कियों के साथ दो युवक को गिरफ्तार किया। थानेदार ने बताया कि मनिका के सुदूर इलाकों से छह नाबालिग लड़कियों को काम दिलाने का झूठा प्रलोभन देकर दूसरे प्रदेशों में ले जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छापेमारी शुरू की तो प्रखंड कार्यालय के समीप गाड़ी के इंतजार में बैठी छह लड़कियों के साथ दो लोगों को देखा गया। पास जाने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस सभी को मनिका थाने ले आई। यहां लड़कियों के अभिभावकों को पुलिस ने थाने बुलाकर किसी प्रकार के झूठे प्रलोभन आदि में नहीं फंसने की बात कही। साथ ही इस तरह की कोई बात या गोपनीय सूचना पुलिस को देने के लिए मनिका थाना पुलिस का नंबर उपलब्ध कराया। इसके साथ ही लड़कियों को भी मानव तस्करी समेत कई प्रकार की जानकारी देकर हमेशा सजग रहने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद सभी को वापस गांव भेज दिया गया। वहीं समाचार लिखे जाने तक लड़कियों को गांव से लाने वाले वीरेंद्र उरांव एवं इंद्रदेव उरांव से पुलिस की पूछताछ जारी थी। इस मौके पर एसआई कर्ण कुमार यादव, कैलाश बाड़ा, शिल्पी भगत, संजय मंडल समेत कई पुलिस कर्मी उपस्थित थे।