प्रगति शांति फाउंडेशन ने उठाया बीमार बच्चे के इलाज का जिम्मा
संवाद सूत्र चंदवा (लातेहार) प्रगति शांति फाउंडेशन कामता द्वारा अस्वस्थ बिनोद गंझू (पिता रामदे
संवाद सूत्र, चंदवा (लातेहार): प्रगति शांति फाउंडेशन कामता द्वारा अस्वस्थ बिनोद गंझू (पिता रामदेव गंझू, अरधे) के इलाज का जिम्मा उठाया। फाउंडेशन की पहल पर अस्वस्थ किशोर युवक अस्पताल पहुंचा। प्रगति शांति फांउडेशन के उमाशंकर चैतन्य, मदन पांडेय और अन्य ने बताया कि अरधे (जमीरा) गांव से गुजरने के दौरान एक किशोर युवक को देखा। पाया कि उसके शरीर से हड्डियां जैसे बाहर झांक रही हों। इसके बाद गांव के लोगों से उसके बारे में जानकारी प्राप्त की। ज्ञात हुआ कि विगत लगभग ढाई वर्ष से उक्त किशोर युवक का स्वास्थ्य दिन प्रतिदिन गिरता जा रहा है। कई बार तो वह अचेत हो जाता है। युवक के स्वजनो और ग्रामीणों से जानकारी लेने के बाद प्रगति शांति फाउंडेशन के सदस्य उसे लेकर चंदवा पहुचे। पहले निजी क्लीनिक में उसका स्वास्थय जांच कराया। अन्य जांच के लिए उसके खून का सैंपल जांच के लिए बाहर भेजा गया। जांच रिपोर्ट आने में देर के बीच उसे सामुदायिक स्वास्थय केंद्र चंदवा में एडमिट कराया। जांच के अनुसार उसका सुगर लेवल बहुत बढ़ा हुआ है। माता सूरजमणी देवी और अन्य स्वजनों की मानें तो पूर्व में रांची में इसका इलाज कराया था मगर वहां उनके लिए रहना और उतना खर्च कर पाना संभव नहीं। सबसे बड़ी बात कि यह कुछ परहेज नहीं करता है। बताया कि इस बार गांव में आम बहुत फला था। उसने खूब आम खाया। कुछ दिनों से वह ज्यादा अस्वस्थ रहने लगा है। प्रगति शांति फाउंडेशन के उमाशंकर चैतन्य, मदन पांडेय, चंदन कुमार, प्रमोद कुमार, नागेंद्र कुमार आदि ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद संबंधित इलाज का हरसंभव प्रयास उनकी संस्था द्वारा किया जाएगा। बेटे के स्वास्थय जांच और इलाज में हरसंभव सहायता के आश्वासन से अस्वस्थ युवक की मां सूरजमणी देवी और परिवार के अन्य सदस्यों ने प्रगति शांति फाउंडेशन सदस्यों के प्रति कृतज्ञता जताई है।