जबरन मछली मारने गए मछुआरों को महिलाओं ने भगाया
संवाद सूत्र मनिका (लातेहार) मनिका प्रखंड के बिशुनबांध पंचायत के रेवत डैम से रविवार को ।
संवाद सूत्र, मनिका (लातेहार) : मनिका प्रखंड के बिशुनबांध पंचायत के रेवत डैम से रविवार को जबरन मछली मारने गए लोगों को गांव की महिलाओं ने जाल जब्त कर भगा दिया। बिशुनबांध पंचायत की पंचायत समिति सदस्य सविता देवी व ग्रामीण महिला ठुनिया देवी, सरिता देवी, मनीषा देवी, उषा देवी ने बताया कि गांव के ही रघुंदन यादव, अताउल रहमान, अशोक यादव व रासबिहारी यादव के साथ दर्जनों लोग मछुआरों को साथ में लेकर चुपके से डैम में पहुंच गए। जब गांव की महिलाओं ने इसका विरोध करना शुरू किया तो रघुंदन यादव, अताउल रहमान, अशोक यादव, रासबिहारी यादव ने महिलाओं के साथ मारपीट व गाली गलौज करना शुरू कर दिया। इसके बावजूद भी महिलाएं डटी रहीं और मछली मारने के लिए लाए गए दो दर्जन से अधिक जाल व ट्यूब को जब्त कर लिया। पंचायत समिति सदस्य सविता देवी ने बताया कि स्थानीय प्रशासन एवं थाना से कई बार मामले को लेकर गुहार भी लगाई गई। लेकिन बार-बार मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। मनीषा देवी ने बताया कि हमलोग डैम में जीरा डाले हैं, लेकिन फिर भी यहां हमलोगों को मछली नहीं निकालने दिया जाता है और दबंग लोग दर्जनों बार यहां से मछली निकाल चुके हैं। ग्रामीणों ने जिले के उपायुक्त जिशान कमर से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।