दोपहर 12 बजे तक सामान्य हो गया जनजीवन
जागरण संवाददाता लातेहार नए कृषि कानून के विरोध में किसानों की ओर से बुलाए भारत बंद क
जागरण संवाददाता, लातेहार : नए कृषि कानून के विरोध में किसानों की ओर से बुलाए भारत बंद का लातेहार जिले में महज सुबह के समय असर देखा गया। 11 बजे के बाद जिले में आम जनजीवन सामान्य हो गया। लातेहार जिला मुख्यालय में महागठबंधन के नेताओं ने समाहरणालय मोड़ के समीप एनएच-75 को जाम कर दिया। जिससे सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की कतार लग गई, इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुनेश्वर उरांव, राजद प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण यादव, राजद जिलाध्यक्ष रामप्रवेश यादव, माकपा नेता अयूब खान, कांग्रेस नेता नेता बसंत के नेतृत्व में नेताओं ने सड़क जाम कर दिया। वहीं किसानों की ओर से किए गए भारत बंद के समर्थन में लातेहार के झामुमो विधायक बैद्यानाथ राम के नेतृत्व में कचहरी रोड पर उतरकर झामुमो नेताओं ने प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस पदाधिकारियों की ओर से प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर कैंप जेल ले जाया गया। जिसके बाद मार्ग में वाहनों का परिचालन सामान्य हो गया। वहीं गिरफ्तार किए गए नेताओं को शाम को कैंप जेल से छोड़ दिया गया। गांवों में कोई असर नहीं बंद को लेकर जिले के ग्रामीण इलाकों में कोई असर नहीं रहा। खेतों में किसानों ने पूरे दिन काम किया। वहीं बच्चे क्रिकेट ग्राउंड पर खेलते नजर आए। वहीं गांवों में लगने वाला साप्ताहिक हाट भी आम दिनों की भांति सामान्य ढंग से लगा।
लंबी दूरी की बसें नहीं चलीं
बंद को लेकर स्थानीय स्तर पर यात्री वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहा। लेकिन लंबी दूरी की बसों का परिचालन नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।