मनिका में कांग्रेस के चुनावी बिगुल से चढ़ा सियासी पारा
लातेहार जिले के मनिका विधानसभा में गुरुवार को हुई कांग्रेस की जनाक्रोश रैली।
उत्कर्ष पाण्डेय, लातेहार : लातेहार जिले के मनिका विधानसभा में गुरुवार को हुई कांग्रेस की जनाक्रोश रैली से कांग्रेसियों ने चुनावी बिगुल फूंक दिया। इस चुनावी बिगुल के साथ ही जिले का सियासी पारा भी चढ़ गया। पार्टी के नेताओं की ओर से सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि दो कद्दावर नेताओं को एकसाथ मंच पर लेकर आना। इसमें पार्टी को सफलता मिली, मनिका में आयोजित सभा के लिए बने मंच पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने पार्टी के जिलाध्यक्ष मुनेश्वर उरांव व हाल में ही राजद छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व विधायक रामचंद्र सिंह को एक साथ खड़ा किया। मंच पर मौजूद नेताओं ने एक दूसरे का हाथ पकड़े हुए हालत में दोनों हाथों को उठाकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित की। इस एकजुटता के जरिए पार्टी के नेताओं ने यह संदेश दिया कि पार्टी में सबकुछ ठीक चल रहा है, जनता के मन में उठते सवालों पर विराम लगाने का प्रयास भी किया गया। बावजूद इसके दो नेताओं में से कौन पार्टी का प्रत्याशी बनेगा इस प्रश्न का उत्तर जानने के लिए हर कोई बेकरार है।
हमेशा से चर्चा में रही है मनिका सीट :
लातेहार जिले में मनिका विधानसभा की सीट हमेशा से चर्चा में रही है। इस विधानसभा में कई बार विजय भाजपा प्रत्याशी को मिलती रही है, लेकिन बीते दो बार के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी वर्तमान विधायक हरिकृष्ण सिंह को मिली लेकिन जीत का अंतर बेहद कम रहा। ऐसे में इस बार भाजपा आलाकमान की ओर से भी चुनाव को लेकर ठोस तैयारी की जा रही है। लेकिन कांग्रेस पार्टी इस सीट को लेकर खासी चर्चा में है कि आखिर पार्टी में जिलाध्यक्ष पदा का दायित्व निभा रहे मुनेश्वर उरांव टिकट प्राप्त करेंगे या कुछ समय पूर्व ही राजद छोड़कर कांग्रेस का दामन थामने वाले पूर्व विधायक रामचंद्र सिंह पर पार्टी नेतृत्व भरोसा कर उन्हें टिकट देगा।