किसानों को आत्मनिर्भर बनाना जरूरी : प्रकाश
लातेहार विधायक प्रकाश राम ने कहा कि किसानों के उत्थान के बगैर देश का विकाश संभव नहीं है।
संवाद सूत्र, बालूमाथ : लातेहार विधायक प्रकाश राम ने कहा कि किसानों के उत्थान के बगैर देश को विकसित राष्ट्र का सपना साकार नहीं किया जा सकता है। वे बुधवार को बालूमाथ में किसान गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि हमारा क्षेत्र सिचाई के लिए प्रकृति पर पूर्ण रूप से निर्भर है। तकनीक का इस्तेमाल कर किसान आत्मनिर्भर बन सकते हैं। सरकार की ओर से किसानों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की ओर से किया जा रहा प्रयास तभी सफल होगा जब सुदूर इलाकों में निवास करने वाले किसान खुद जागरूक होकर दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे। विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यों की सराहना करते हुए सभी लोगों से भाजपा को समर्थन देने की अपील की। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान व विधायक के समर्थक मौजूद थे।