झारखंड में लातेहार के जंगल में माओवादियों व जेजेएमपी में फायरिंग
Firing in latehar. जंगलों में नक्सली संगठन भाकपा माओवादी व उग्रवादी संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद के उग्रवादियों के बीच फायरिंग हुई।
जागरण संवाददाता, लातेहार। जिले के केसदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोखाखा के जंगलों में रविवार की रात प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी और उग्रवादी संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के उग्रवादियों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। हालांकि पुलिस की ओर से गोलीबारी की पुष्टि नहीं की जा रही है।
ग्रामीण सूत्रों ने बताया कि भाकपा माओवादी के नक्सली अपना वर्चस्व जमाने के इरादे से जंगलों में जमे हुए थे। इसकी जानकारी जेजेएमपी दस्ते को मिली तो दर्जनों उग्रवादी जंगल में पहुंचे। माओवादी दस्ते के सदस्य जैसे ही भोजन करने के बाद निकलना शुरू किए पहले से ही अलर्ट जेजेएमपी के सदस्यों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक चली गोली से संभलते हुए माओवादी नक्सलियों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की।
जानकारी के अनुसार, दोनों ओर से तकरीबन 30 से 40 राउंड से अधिक गोलियां दागी गई। इसके बाद दोनों संगठन के लोग एक दूसरे से बचते हुए अलग-अलग रास्ते पर निकल गए। वहीं, दो नक्सली संगठनों के बीच ऐसी मुठभेड़ के बाद ग्रामीण इलाकों में लोगों में अनहोनी को लेकर भय बना हुआ है।
लातेहार के सदर थानेदार पुलिस निरीक्षक के पांडेय ने बताया कि पुलिस के पदाधिकारियों को गोलीबारी जैसी सूचना नहीं मिली है। मीडिया के जरिए मिली सूचना के बाद इलाके के चौकीदार से संपर्क किया गया तो उसने भी गोलीबारी की घटना से अनभिज्ञता जताई है।