पत्नी से झगड़ कर शराबी पति ने खुद को किया घायल, रिम्स रेफर Latehar News
शराब के नशे में अपनी पत्नी से झगड़ा कर खुद की गर्दन में पहसुल घुसेड़ लिया। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स रेफर कर दिया।
रांची, जेएनएन। लातेहार के मनिका थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी सुकु उरांव के पुत्र अरविंद उरांव (25 वर्ष) ने बुधवार की रात शराब के नशे में अपनी पत्नी से झगड़ा कर खुद की गर्दन में पहसुल घुसेड़ लिया। घायलावस्था में परिजन उसे इलाज के लिए मनिका अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया।
वहीं लातेहार सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र सिंह ने उपचार कर बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार घरेलू विवाद को लेकर शराबी पति अरविंद ने पत्नी से झगड़ा होने के बाद घर में रखे पहसुल से अपनी गर्दन पर वार कर दिया। जिससे अरविंद घायल हो गए। वहीं ग्रामीणों ने इसकी सूचना मनिका पुलिस को दी। चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अरविंद उरांव के गर्दन पर पहसुल फंस जाने के कारण निकालने में दिक्कत हो रही थी, उसे ऑपरेशन के माध्यम से निकाला जाएगा। घायल की स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है। अभी वह खतरे से बाहर है।