विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लातेहार में कोयला गाड़ियों की 'नो एंट्री' की मांग, 24 सितंबर से अनिश्चितकालीन सड़क जाम की चेतावनी

Published: Tue, 22 Sep 2026 02:09 PM (IST)

बालूमाथ में कोयला वाहनों से उड़ती धूल और जाम की समस्या को लेकर व्यवसायियों व ग्रामीणों ने 24 सितंबर से अनिश्चितकालीन सड़क जाम की चेतावनी दी है।

कोयला गाड़ियों की नो एंट्री की मांग (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

कोयला गाड़ियों की नो एंट्री की मांग (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. कोयला वाहनों से उड़ती धूल और जाम से ग्रामीण व व्यवसायी परेशान।

  2. मुख्य बाजार में कोयला वाहनों के लिए 'नो एंट्री' की मांग।

  3. मांगें पूरी न होने पर 24 सितंबर से सड़क जाम की चेतावनी।

संवाद सूत्र, बालूमाथ (लातेहार)। कोयला वाहनों से उड़ती धूल और जाम की समस्या को लेकर व्यवसायियों एवं ग्रामीणों का आंदोलन तेज हो गया है। 24 सितंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन सड़क जाम को लेकर सोमवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में एसडीओ दिनेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक लातेहार उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर आयोजित की गई।

बैठक में व्यवसायिक लोग , ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्य बाजार में सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक कोयला वाहनों की नो एंट्री लागू करने की मांग रखी। 

अलग ट्रांसपोर्टिंग सड़क बनाने की बात 

ग्रामीणों ने कहा कि तुबैद कोल माइंस शुरू होने के समय अलग ट्रांसपोर्टिंग सड़क बनाने की बात कही गई थी, लेकिन चार वर्षों से ग्रामीण सड़कों से ही कोयला ढोया जा रहा है। कंपनी की ओर से बाइपास सड़क की योजना बताई गई, पर रैयतों से अब तक बातचीत नहीं होने पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए।

बालूमाथ से गुजरने के बावजूद स्थानीय लोगों को कोई लाभ नहीं

ग्रामीणों ने कहा बालूमाथ में संचालित मगध, तेतरियाखाड़ के अलावा आम्रपाली समेत कई परियोजनाओं के वाहन बालूमाथ से गुजरने के बावजूद स्थानीय लोगों को कोई लाभ नहीं है। बालूमाथ में डीएवी स्कूल, अस्पताल और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया।

एसडीओ ने नो एंट्री की मांग वरीय अधिकारियों तक पहुंचाने, सब्जी दुकानों को बाजार शेड में शिफ्ट कराने और सड़क चौड़ीकरण के लिए सर्वे कराने की बात कही।

24 सितंबर से सड़क जाम की चेतावनी 

डीटीओ उमेश मंडल ने सड़क किनारे खड़े वाहनों पर कार्रवाई और हाईवा के कागजात व चालकों के लाइसेंस की जांच की बात कही। व्यवसायिक लोग ने 23 सितंबर तक जवाब नहीं मिलने पर 24 सितंबर से सड़क जाम की चेतावनी दी। 

बैठक में दिनेश कुमार,संदीप कुमार, निजामुद्दीन कुरैशी, प्रेम प्रसाद गुप्ता, मोनू गुप्ता, मो. तौफीक, संजय यादव, पिंटू मुखिया, नरेश लोहरा, अनिता देवी, ईश्वरी पासवान, उमेश मंडल, नदीम सफी, अनुभव सिन्हा, बालेश्वर राम, सोमा उरांव, जेपी रावत, एके ठाकुर, राजीव सिंह, बलराम पांडे, विभु राज सिन्हा, अमित कुमार और मो. इफ्तिखार उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- लातेहार में धूल से परेशान ग्रामीणों ने बंद कराया बाजार, कोयला लदे ट्रकों के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग