कुमारडुंगी में कुंए में गिरकर बच्ची की मौत
पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में एक कुंए से नाबालिग बच्ची का शव बरामद किया गया है। घटना बंकदर गांव के डुराय बेड़ा नामक स्थान पर घटी है।
संवाद सूत्र, कुमारडुंगी : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में एक कुंए से नाबालिग बच्ची का शव बरामद किया गया है। घटना बंकदर गांव के डुराय बेड़ा नामक स्थान पर घटी है। बुधवार की शाम मछली पकड़ने गए अंधारी गांव के ग्रामीणों ने कुंए में बच्ची के शव को तैरते देखा। सामने जाकर देखा तो बच्ची के मुंह से बुलबुले निकल रहे थे। डर से सभी लोग भागकर घर आ गए। इसके बारे में किसी को नहीं बताया। दूसरे दिन गुरुवार को यह खबर आग की तरह फैल गई। गुरुवार की सुबह बांकदर गांव के मुंडा राजू पिगुवा को इसकी जानकारी दी गई। जानकारी मिलते ही मुंडा घटनास्थल गए। शव मिलने की पुष्टि होने के बाद घटना के बारे में स्थानीय पुलिस को जानकारी दी गई। स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव को कुंए से निकाला। शव की पहचान बांकधर मुंडा राजू पिगुवा द्वारा छोटारायकमन गांव निवासी 16 वर्षीय जानी हेंब्रम के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि बच्ची की मौत कुआं मे गिरने से हुई है। तैरना नहीं आने के कारण डूब गई होगी। बचने के लिए उसने कुएं के किनारे निकले पेड़ों का पकड़ा लेकिन बचने में असफल रही और उसकी मौत हो गई।
भाई ने कहा दिमागी हालत नहीं थी ठीक
इधर नाबालिग के बड़े भाई प्रदीप हेंब्रम ने बताया कि बहन जानी की एक वर्ष से मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह बुधवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकली थी। फिर वापस नहीं लौटी, गुरुवार को मौत की खबर सामने आई है। जहां घटना घटी है वहां हम लोगों की जमीन है।