चंदवा थाना में फंसे दूल्हा-दुल्हन व बराती
चंदवा थाना क्षेत्र के नगर गांव के समीप शुक्रवार की रात एक बराती वाहन और बकरा लदे वाहन
चंदवा : थाना क्षेत्र के नगर गांव के समीप शुक्रवार की रात एक बराती वाहन और बकरा लदे वाहन में हुई टक्कर और तू-तू, मैं-मैं के बाद दूल्हा-दुल्हन चंदवा में फंसे रहे। बताया गया कि स्विफ्ट डिजायर कार (जेएच 02 एक्यू 4521) पर सवार होकर दूल्हा व उसके कुछ मित्र बड़कागांव (अंबेडकर नगर, हजारीबाग) से लोहरदगा जा रहे थे। बड़कागांव निवासी मुनेश्वर नायक के पुत्र दिलीप नायक की शादी लोहरदग्गा निवासी अनिल नायक की पुत्री से होनी थी। नगर गांव के समीप एक हाइवा से बचने के क्रम पांकी से रांची जा रहे एक बकरा-बकरी लदे वाहन (जेएच 03 एल 2595) ने कार को चपेट में ले लिया। इसे लेकर विवाद होने लगा, बात बढ़ी तो इसकी भनक पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को थाना ले आई। बराती वाहन को थाना ले आने के कारण दूल्हा व बारातियों का काफिला चंदवा थाना में फंसा रहा। शनिवार की अहले सुबह शादी की रस्म को पूरा करने के लिए दूल्हा और उसके कुछ परिजन लोहरदगा पहुंचे और शादी की रस्म पूरी कर वापस चंदवा थाना पहुंचे। दूल्हा पक्ष के लोग बराती वाहन के छूटने का इंतजार करते रहे। नई नवेली दुल्हन, परिजन और बराती समाचार लिखे जाने तक थाना परिसर के इर्द-गिर्द अन्य वाहन को खड़ा कर प्रशासन की नीति और मानवीयता पर सवाल खड़े कर रहे थे।