कोडरमा के वृंदाहा वाटरफॉल में पिकनिक मनाने आया बिहार का छात्र डूबा, NDRF की टीम बुलाई गई
कोडरमा के वृंदाहा वाटरफॉल में पिकनिक मनाने आए बिहार के 15 वर्षीय छात्र सागर कुमार की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
HighLights
कोडरमा वृंदाहा वाटरफॉल में 15 वर्षीय छात्र सागर डूबा।
बिहार के जहानाबाद से पिकनिक मनाने आया था छात्र।
एनडीआरएफ टीम को तलाश के लिए बुलाया गया।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। तिलैया थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती जरगा पंचायत स्थित जंगली इलाके के प्रसिद्ध वृंदाहा वाटरफॉल में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जलप्रपात के नीचे गहरे पानी में डूबने से बिहार के जहानाबाद जिले के कंदौल गांव निवासी 15 वर्षीय छात्र सागर कुमार, पिता राजेश दास, लापता हो गया। खबर लिखे जाने तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए पूरे मामले की जानकारी ली।
स्थानीय स्तर पर छात्र की तलाश की कोशिश
बताया जाता है कि सागर कुमार जहानाबाद के एक कोचिंग संस्थान के अन्य छात्रों के साथ बुधवार को वृंदाहा वाटरफॉल घूमने आया था। इसी दौरान वह फॉल के नीचे गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।

पुलिस और स्थानीय स्तर पर छात्र की तलाश की कोशिश की गई, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि छात्र की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया जा रहा है।
बरसात में खूबसूरती के साथ बढ़ा खतरा
वर्षा के बाद इन दिनों वृंदाहा वाटरफॉल पूरे उफान पर है। पहाड़ी क्षेत्र से आने वाले पानी के कारण जलप्रपात के नीचे नदी का बहाव बेहद तेज हो गया है। झरने की गर्जना, मनोरम वादियां और प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को लगातार आकर्षित कर रही हैं। यही वजह है कि आसपास के अलावा दूर-दराज के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं। लेकिन यही खूबसूरती अब जानलेवा भी साबित हो रही है।

वाटरफॉल के ठीक नीचे गहरे पानी में डूबने से अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस वर्ष यह पहली ऐसी घटना है। हादसे ने एक बार फिर जलप्रपात के नीचे सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
