कोडरमा में भीड़ की शर्मनाक हरकत! नाबालिग लड़की और 2 लड़कों की निकाली परेड, बीच गांव में खंभे से बांधा
कोडरमा के लोचनपुर गांव में ग्रामीणों ने दो नाबालिग लड़कों और एक लड़की को सार्वजनिक रूप से घुमाया, बिजली के खंभे से बांधकर माफी मंगवाई।
HighLights
कोडरमा में नाबालिगों को ग्रामीणों ने सार्वजनिक रूप से घुमाया।
बिजली के खंभे से बांधकर माफी मंगवाने का मामला सामने आया।
पुलिस ने नाबालिगों को छुड़ाकर मामले की जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोचनपुर गांव में दो नाबालिग लड़कों और एक नाबालिग लड़की को ग्रामीणों द्वारा पकड़कर सार्वजनिक रूप से घुमाने, बिजली के खंभे से बांधकर माफी मंगवाने का मामला सामने आया है।
ग्रामीणों का आरोप था कि दोनों लड़के लड़की से रात के अंधेरे में मिलने पहुंचे थे।हालांकि, आरोप चाहे जो भी हों, इस तरह नाबालिगों को गांव में घुमाना, खंभे से बांधना और भीड़ के सामने माफी मंगवाना उनके सम्मान और गरिमा को प्रभावित करने वाला गंभीर मामला है, जिसकी आलोचना शुरू हो गई है।
बताया गया कि रविवार देर रात दोनों नाबालिग लड़की के घर पहुंचे थे। सोमवार सुबह इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई, जिसके बाद कुछ लोग वहां पहुंचे और तीनों को पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने तीनों को गांव में घुमाने के बाद बिजली के खंभे से रस्सी से बांध दिया और भविष्य में ऐसी घटना नहीं दोहराने की हिदायत देते हुए माफी मंगवाई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों नाबालिगों को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर थाने ले गई।
हरकत पर अलग-अलग प्रतिक्रिया
घटना के बाद ग्रामीणों के बीच भी अलग-अलग राय सामने आई। कुछ लोगों ने इसे गांव के माहौल से जोड़ते हुए ग्रामीणों की कार्रवाई को उचित बताया, जबकि कई लोगों ने नाबालिगों को इस तरह सार्वजनिक रूप से दंडित किए जाने पर सवाल उठाए और कहा किस तरह कानून को हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इधर कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि नाबालिगों से पूछताछ की जा रही है। इनके स्वजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पहले प्यार, फिर वादा... रामगढ़ में शादी का झांसा देकर सालों तक किया यौन शोषण; सलाखों के पीछे पहुंचा आरोपी
