कृषि आशीर्वाद योजना को लेकर ग्रामसभा 21 को
मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को कोडरमा प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा भवन में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य रूप से प्रखंड प्रमुख अनीता कुमारी, प्रखंड बीससूत्री अध्यक्ष बैजनाथ यादव, बीडीओ मिथिलेश चौधरी, सीओ अशोक, प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक राजकिशोर शर्मा उपस्थित थे।
झुमरीतिलैया (कोडरमा): मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को कोडरमा प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा भवन में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य रूप से प्रखंड प्रमुख अनीता कुमारी, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष बैजनाथ यादव, बीडीओ मिथिलेश चौधरी, सीओ अशोक, प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक राजकिशोर शर्मा उपस्थित थे। कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख अनीता कुमारी ने कहा कि कृषि के बिना तरक्की नहीं कर सकते हैं। किसान देश की आत्मा हैं और इसके लिए कई सार्थक प्रयास किये जा रहे हैं। इसी के तहत मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना की शुरूआत की गई है। इस योजना का लाभ किसानों को मिले इसके लिए 21 जनवरी को प्रखंड के सभी 18 पंचायतों में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। बीडीओ मिथिलेश चौधरी, सीओ अशोक राम ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला और कहा कि इसको लेकर 21 जनवरी को ग्रामसभा का समय निर्धारित किया गया है। पंचायतस्तर पर आयोजित होने वाले ग्रामसभा के लिए नोडल पदाधिकारी बनाये गए हैं इन समस्याओं का निदान करेंगे। इस दिन रैयत समन्वय समिति का भी गठन किया जाएगा जिसमें एक अध्यक्ष समेत चार सदस्य बनाये जाएंगे। निर्वाचित अध्यक्ष का कार्य किसानों के जमीन के विवादों को निपटाने के लिए सहयोग करना और उनके राशि का भुगतान कराना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक किसान को प्रति एकड़ पर 5 हजार रुपये डीवीटी के माध्यम खरीफ मौसम में दिये जाएंगे। इसके लिए प्रपत्र ए, बी व सी में आवेदन प्राप्त करना है। बैठक में मुखिया इंदिरा देवी, रहमत अली, उपमुखिया महादेव धोबी, बीटीएम संतोष कुमार, राजस्व कर्मचारी, पंचायत सेवक, जनसेवक आदि उपस्थित थे।