Koderma, Lok Sabha Election 2019: पहले विधायकों को चुराया था, इस बार अध्यक्ष को चुराया : रवींद्र
Lok Sabha Election 2019. राजनीति के माहिर खिलाड़ी माने जाने वाले कोडरमा के सांसद रवींद्र राय ने शुक्रवार को इशारों में बड़ी बातें कह दीं। साथ ही बेटिकट होने का दर्द भी बयां किया।
कोडरमा, जागरण संवाददाता। Lok Sabha Election 2019 - राजनीति के माहिर खिलाड़ी माने जाने वाले कोडरमा के सांसद रवींद्र राय ने शुक्रवार को इशारों-इशारों में बड़ी बातें कह दीं। साथ ही कोडरमा के चुनावी महासमर से बेटिकट होने पर अपना दर्द भी बयां कर दिया। वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रम में झुमरी तिलैया पहुंचे थे।
यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भारत में कुछ चोरियों को भी बड़ा महत्व मिला है। जैसे माखन चोरी को बहुत महत्व मिला है। कुछ लोग दिल चुराते हैं, कुछ लोग नजरें चुराते हैं। मैं तो राजनीतिक नेताओं को चुराता हूं। पहले विधायकों को चुराया था। इसबार अध्यक्ष को चुराया हूं।
वे बाबूलाल मरांडी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि कोडरमा में मोदी आए या शाह, कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इससे पूर्व उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि कोडरमा के लिए यह चुनाव विशेष महत्व रखता है। क्योंकि इस क्षेत्र में एक राष्ट्रीय जनता दल था, जो झारखंड में जातिवाद का जहर बोता था। घोटालों का रास्ता खोलता था।
ऐसे भ्रष्ट दल के अस्तित्व को समाप्त करने के लिए कोडरमा में यह चुनाव विशेष महत्व रखेगा। कोडरमा में पिछले पांच वर्षों में विकास के क्षेत्र में बेमिसाल काम हुए हैं। आने वाले दिनों में इसे और सफल करना है। यहां की जनता भी इसके लिए लालायित है। देश की जरूरत को ध्यान में रखते हुए कोडरमा की जनता निर्णय लेगी और भारतीय जनता पार्टी जीतेगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप