Lok Sabha Polls 2019: भाजपा से ज्यादा मरांडी पर हमलावर हैं राजकुमार यादव
Lok Sabha Polls 2019. राजकुमार यादव अपने चुनाव प्रचार में भाजपा से ज्यादा बाबूलाल मरांडी पर हमलावर हैं। महागठबंधन को कमजोर करने का दोष भी मरांडी पर ही मढ़ रहे हैं।
कोडरमा, जेएनएन। कोडरमा लोकसभा क्षेत्र से भाकपा माले प्रत्याशी राजकुमार यादव अपने चुनाव प्रचार में भाजपा से ज्यादा बाबूलाल मरांडी पर हमलावर हैं। सूबे में महागठबंधन को कमजोर करने का दोष भी माले प्रत्याशी मरांडी पर ही मढ़ रहे हैं। शुक्रवार को कोडरमा के जलवाबाद में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा और बाबूलाल मरांडी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
मुख्यमंत्री रहते हुए बाबूलाल ने सात मुस्लिमों पर गोली चलवाई, आदिवासियों पर गोली चलवाई, मरकच्चो में गोली चलवाई। जनता को इनसे सावधान रहने की जरूरत है। अगर बाबूलाल भाजपा को हराना चाहते तो गोड्डा से फुरकान अंसारी गठबंधन के प्रत्याशी होते और कोडरमा से हम। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से कहा कि आप ऐसे व्यक्ति को संसद भेजने का काम करें, जो आपकी आवाज बन सके।
भाकपा माले हर छोटे-बड़े मामले में आपके साथ खड़ा होने का काम करती रही है। हर लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि कोडरमा में भाजपा को हार का खौफ सता रहा है। तभी यहां से उम्मीदवार बदले गए। यहां मोदी जी, नितिन गडकरी, अमित शाह सभा करने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी जी को जवाब देने एक मई को राजधनवार में कन्हैया कुमार और कोडरमा में जिग्नेश मेवानी आ रहे हैं। कार्यक्रम को माले नेता रामधन यादव ने भी संबोधित किया। मौके पर मकसूद आलम, मुमताज मुन्ना, मो. राजा, मो. मिंटू, लाडला, नॉरेज, प्रवेज, सोनू, मोनू, प्रिंस, अय्याज छोटू, दानिश, परवेज खान सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।