Move to Jagran APP

Jharkhand News: मंडप से पहले जेल पहुंच गए दूल्हे राजा, दुल्हन के पिता और पंडित भी गिरफ्तार; पढ़िए पूरा मामला

झारखंड के कोडरमा में पुलिस ने शादी से एक दिन पहले दुल्हन के पिता दूल्हा पंडित समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों ने दुल्हन पक्ष के दो लोग और दूल्हा पक्ष के सात लोग शामिल है। सभी लोग हरियाणा से बारात लेकर पहुंचे थे।

By Jagran NewsEdited By: Aditi ChoudharyPublished: Tue, 02 May 2023 03:48 PM (IST)Updated: Tue, 02 May 2023 03:48 PM (IST)
गिरफ्तार दूल्हा राजू यादव और शादी कराने के मामले में गिरफ्तार महिलाएं।

मरकच्चो (कोडरमा), संवाद सूत्र। झारखंड के कोडरमा में एक दूल्हा शादी के मंडप से पहले जेल पहुंच गया। बारात में आई महिलाओं को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दुल्हन के पिता और पंडित जी भी नहीं बचे। सभी जेल की हवा खा रहे हैं। वर-वधू पक्ष से कुल 9 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें वर पक्ष से 7 और वधू पक्ष के 2 लोग शामिल हैं।

loksabha election banner

दरअसल, जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र के जामू गांव में दिलीप साव के घर हरियाणा से बारात आई थी। इनमें दूल्हा राजू यादव के साथ कुछ पुरुष और महिलाएं भी शामिल थीं। हालांकि, दुल्हन सिर्फ 15 साल की है। वहीं, दूल्हा 39 साल का है। पूछताछ के दौरान पता चला कि जामू गांव के निवासी कैलाश साव की पत्नी सेवली देवी के कहने पर हरियाणा से सभी आरोपित 15 वर्षीय नाबालिग को अपने साथ ले जाने आए थे।

मालूम हो कि नाबालिग के साथ राजू यादव की शादी 2 मई को होनी थी, लेकिन 1 मई को ही चाइल्ड लाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर फोन गया कि मरकच्चो के जामू में बाल व्यापार के उद्देश्य से एक 15 वर्षीय नाबालिग की शादी रचायी जा रही है। सूचना के सत्यापन के लिए जिला बाल संरक्षण के अधिकारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो मामला सही पाया।

अगल-बगल में रहने वाले ग्रामीणों से पता चला कि कुछ लोग बाहर से शादी रचाने के लिए दिलीप साव के यहां आए हैं। जैसे ही पुलिस दिलीप साव के घर में घुसी तो सभी इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, मौके पर ही मरकच्चो पुलिस टीम के द्वारा बाहर से आए सभी लोगों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। लड़की के पिता दिलीप साव व शादी कराने आए पंडित विक्रम पांडेय को मंगलवार को कोडरमा जेल भेज दिया गया।

वहीं, वर पक्ष से गिरफ्तार साल लोगों में दूल्हा राजू यादव (39 वर्ष) पिता सियाराम यादव, रेखा देवी (38 वर्ष) पति रामदेव साव, रूबी कुमारी (20 वर्ष) पिता रामदेव साव, सुमित साव (18 वर्ष) पिता रामदेव साव, बिनीता कुमारी (21वर्ष) पति पप्पू साव, अजय साव (25 वर्ष) पिता सियाराम साव शामिल हैं। सभी साकीन चौमा थाना पालम बिहार, जिला गुड़गांव हरियाणा के निवासी हैं। इसके अलावा बिचौलिया के रूप में सेवली देवी को भी गिरफ्तार किया गया है।

पूछताछ के दौरान सभी लोगों ने अपनी संलिप्तता स्वीकर की, जिसके बाद मंगलवार को सभी को कोडरमा जेल भेज दिया गया। वहीं जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी कोडरमा नरेंद्र कुमार सिंह ने मरकच्चो थाना में इनलोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

इस संबंध में बीडीओ पप्पू रजक और थाना प्रभारी लव कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि यह मामला बाल तस्करी से जुड़ा है। राजू यादव दिखावे के लिए नबालिग से 2 मई को शादी करने वाला था। उसका मुख्य उद्देश्य नाबालिग को तस्करी कर अपने साथ ले जाना था। शादी के कार्ड में दूल्हे का नाम राजू साव छपा था, जबकि आधार कार्ड में राजू यादव अंकित है।

जाहिर है स्थानीय लोगों को झांसा देने के लिए ऐसा किया गया था। यह शादी सिर्फ दिखावे के लिए रची जा रही थी। इससे पूर्व मंगलवार को नाबालिग का बयान सीडब्ल्यूसी कोडरमा में कराया गया। इसके बाद नाबालिग को बालिका गृह धनबाद भेज दिया गया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.