कोडरमा थर्मल प्लांट के ट्रांसफार्मर में लगी आग, दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
जयनगर के बांझेडीह स्थित डीवीसी थर्मल पावर प्लांट में सोमवार शाम टरबाइन नंबर-दो यूनिट के पास लगे ट्रांसफार्मर में आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई।
HighLights
डीवीसी थर्मल प्लांट के ट्रांसफार्मर में लगी आग।
दमकल ने कड़ी मशक्कत कर आग पर पाया काबू।
कोई जनहानि नहीं, बड़ा हादसा टल गया।
संवाद सूत्र, जयनगर (कोडरमा)। जयनगर थाना क्षेत्र के बांझेडीह स्थित डीवीसी थर्मल पावर प्लांट में सोमवार शाम अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। प्लांट के टरबाइन नंबर-दो यूनिट के समीप लगे ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई।
देखते ही देखते ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। आग की लपटें उठती देख प्लांट में मौजूद कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही प्लांट प्रशासन ने दमकल विभाग को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आग को आसपास के उपकरणों और अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया।
जनहानि नहीं, कारणों की जांच शुरू
इस घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट-सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
प्लांट प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद प्लांट के संबंधित अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। बताते चलें कि बांझेडीह स्थित केटीपीएस में वर्तमान में करीब 1000 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा है।
वहीं, प्लांट में 800-800 मेगावाट की दो और इकाइयां स्थापित की जानी हैं। इससे कुल 1600 मेगावाट अतिरिक्त बिजली का उत्पादन प्रस्तावित है। इसे लेकर प्लांट परिसर में निर्माण और अन्य संबंधित कार्य जोर-शोर से चल रहे हैं।
यह भी पढ़ें- कोडरमा घाटी में अब तेज रफ्तार पर लगेगी लगाम, कैमरों से होगी निगरानी; कटेगा ऑटो चालान
