विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विंटर पेट्रोलिंग शुरू: रेलवे ट्रैक की सुरक्षा कड़ी, 1 दिसंबर से कोडरमा होकर चलनेवाली अजमेर-सियालदह समेत कई ट्रेनें रद व रीशेड्यूल

Published: Thu, 12 Nov 2026 05:30 PM (IST)

ठंड के कारण पटरियों में दरार और टूटने के खतरे को देखते हुए 15 नवंबर से धनबाद रेल मंडल के ...और पढ़ें

कोडरमा गया रेलखंड पर रात भर होगी पेट्रोलिंग।

कोडरमा गया रेलखंड पर रात भर होगी पेट्रोलिंग।

HighLights

  1. 15 नवंबर से कोडरमा-गया रेलखंड पर विंटर पेट्रोलिंग शुरू।

  2. ठंड में पटरियों में दरार रोकने को रात भर निगरानी।

  3. 1 दिसंबर से कई ट्रेनें रद्द, यात्रियों को होगी परेशानी।

संवाद सूत्र, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। ठंड की दस्तक के साथ ही भारतीय रेलवे ने ट्रेन परिचालन की सुरक्षा को लेकर पुख्ता तैयारियां शुरू कर दी हैं। मौसम में बदलाव और ठंड के बढ़ते असर के बीच पटरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए धनबाद रेल मंडल ने 'विंटर पेट्रोलिंग' (Winter Patrolling) से जुड़ा आदेश जारी कर दिया है।

इसके तहत आगामी 15 नवंबर से धनबाद रेल मंडल के कोडरमा-गया रेलखंड सहित पूरे मंडल में विंटर पेट्रोलिंग सख्ती से शुरू कर दी जाएगी। रेलवे का यह कदम यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

क्यों जरूरी है विंटर पेट्रोलिंग?

धनबाद रेलमंडल मुख्यालय ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बार सुरक्षा के मामले में किसी भी सेक्शन में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। दरअसल, सर्दियों के मौसम में तापमान में अचानक होने वाले उतार-चढ़ाव के कारण रेलवे ट्रैक सिकुड़ने लगते हैं।

जिससे पटरियों में सूक्ष्म दरार (फ्रेक्चर) आने या उनके टूटने की घटनाएं काफी बढ़ जाती हैं। रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, इस तरह की ज्यादातर समस्याएं और संभावित दुर्घटनाएं मध्य रात्रि से लेकर तड़के सुबह के बीच सामने आती हैं।

इसकी रोकथाम के लिए रेलवे के गश्ती दल (पेट्रोलमैन) पूरी रात कड़ाके की ठंड के बीच रेलवे ट्रैक की पैदल निगरानी करते हैं। विंटर पेट्रोलिंग के दौरान यदि ट्रैक पर किसी भी प्रकार की खामी या फ्रैक्चर मिलता है, तो तुरंत संबंधित सिग्नल और स्टेशन मास्टर को सूचित कर ट्रेनों का आवागमन रोक दिया जाता है और युद्ध स्तर पर उसकी मरम्मत कराई जाती है। इस मुस्तैदी से सर्दियों में होने वाली रेल दुर्घटनाओं को प्रभावी ढंग से रोका जा सकेगा।

1 दिसंबर से कई ट्रेनें रहेंगी रद और रीशेड्यूल

एक तरफ जहां रेलवे ट्रैक की सुरक्षा बढ़ाई जा रही है, वहीं दूसरी तरफ घने कोहरे और परिचालन संबंधी रखरखाव के कारण यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ने वाली हैं। रेलवे ने ठंड के मौसम को देखते हुए ट्रेनों के परिचालन समय में बदलाव और आंशिक रद्दीकरण का फैसला लिया है।

इसके तहत 1 दिसंबर से 1 फरवरी तक कोडरमा होकर चलने वाली प्रमुख ट्रेन अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस को सप्ताह में 3 दिन रद कर दिया गया है। इसके अलावा हावड़ा, भुवनेश्वर, पटना और रांची से गुजरने व चलने वाली कई अन्य महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों को भी सप्ताह में एक-एक दिन रद्द रखने का निर्णय लिया गया है। वहीं, कई ट्रेनों को ठंड और कोहरे की वजह से उनके निर्धारित समय से रीशेड्यूल (विलंब से प्रस्थान) कर चलाया जाएगा।

यात्रियों को होगी परेशानी

शादियों के सीजन और ठंड की छुट्टियों के इस दौर में ट्रेनों के रद्द होने और उनके समय में बदलाव से यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा करने से पहले एनटीईएस एप या रेलवे हेल्पलाइन 139 के जरिए अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति (Live Status) जरूर जांच लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।