विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

80 लाख की फिरौती के लिए ई-रिक्शा चालक का अपहरण, 24 घंटे में कोडरमा के जंगल से सकुशल बरामद

By Anup SinhaEdited By: Mansi Kumari
Published: Thu, 17 Sep 2026 06:28 PM (IST)

बिहार के रजौली से अपहृत ई-रिक्शा चालक पप्पू राय को 24 घंटे के भीतर कोडरमा के डोमचांच जंगल से सकुशल ...और पढ़ें

HighLights

  1. रजौली से अपहृत ई-रिक्शा चालक पप्पू राय को कोडरमा से बरामद।

  2. नवादा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चालक को सकुशल मुक्त कराया।

संवाद सहयोगी, कोडरमा। बिहार-झारखंड की सीमा पर स्थित नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र से अपहृत ई-रिक्शा चालक पप्पू राय को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया। अपहरण के बाद उसे कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के जंगल में छिपाकर रखे जाने की बात सामने आई है।

नवादा पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने कोडरमा पुलिस की मदद से गुरुवार को कार्रवाई करते हुए अपहृत व्यक्ति को सुरक्षित मुक्त कराया। मामले में पुलिस ने रजौली थाना क्षेत्र के मसई गांव निवासी अंकित कुमार, पिता कारू शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर को रजौली थाना क्षेत्र के सिमरकोल के समीप से अज्ञात अपराधियों ने ई रिक्शा चलाने वाले 55 वर्षीय पप्पू राय का अपहरण कर लिया था। इसके बाद उसके स्वजनों से फिरौती की रकम मांगे जाने की सूचना पुलिस को मिली।

पुलिस के अनुसार, अपहरणकर्ताओं ने अपहृत व्यक्ति के बेटे से 80 लाख रुपए की फिरौती की मांग की थी। बताया गया कि पप्पू राय का पुत्र रियल एस्टेट से जुड़ा कारोबार है। फिरौती की रकम की मांग अमृत के पुत्र से की जा रही थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों ने रजौली थाना पुलिस को लिखित आवेदन दिया। इसके आधार पर रजौली थाना में कांड संख्या 498/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामला गंभीर होने के कारण नवादा के पुलिस अधीक्षक ने रजौली एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया।

सीसीटीवी और तकनीकी सर्विलांस से मिली अहम जानकारी

एसआईटी ने अपहरण की घटना को लेकर घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए संदिग्ध मोबाइल नंबरों और लोकेशन की जांच शुरू की। इसी तकनीकी अनुसंधान के दौरान पुलिस को अपहरण से जुड़े लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

पुलिस के अनुसार, तकनीकी जांच के आधार पर अंकित कुमार को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसके द्वारा अपहरण की घटना में लाइनर की भूमिका निभाने की बात सामने आने का दावा किया है। पुलिस की पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर नवादा पुलिस की टीम कोडरमा पहुंची।

कोडरमा पुलिस के सहयोग से डोमचांच थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई, जहां जंगल इलाके से अपहृत व्यक्ति पप्पू राय को सकुशल बरामद कर लिया गया। अपहरण के मामले में एक आरोपित की गिरफ्तारी और अपहृत व्यक्ति की सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस अब घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अपहरण की पूरी साजिश में कितने लोग शामिल थे और अपहृत व्यक्ति को रजौली से डोमचांच तक कैसे लाया गया। पुलिस ने गिरफ्तार अंकित कुमार से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। 

यह भी पढ़ें- हजारीबाग: बरही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोकर लदे पिकअप से 1092 बोतल अवैध शराब जब्त; दो गिरफ्तार