कोडरमा में जाम से मिलेगी राहत! बाघीटांड़ स्टेडियम के पास बनेगा नया बस स्टैंड; लगेंगी 530 स्ट्रीट लाइट
कोडरमा नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में शहर के विकास और सुविधाओं पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसमें बाघीटांड़ स्टेडियम ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
कोडरमा में बाघीटांड़ स्टेडियम के पास नया बस स्टैंड बनाने पर चर्चा।
शहर के विभिन्न वार्डों में लगेंगी 400 स्ट्रीट लाइट।
मुख्य सड़कों पर तिरंगे रंग की 130 स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्णय।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। नगर पंचायत कोडरमा की पंचम बोर्ड बैठक शुक्रवार को नगर पंचायत सभाकक्ष में अध्यक्ष साजिद हुसैन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर क्षेत्र के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में बाघीटांड़ स्टेडियम के समीप खाली सरकारी जमीन पर बस स्टैंड निर्माण, विभिन्न वार्डों में 400 स्ट्रीट लाइट लगाने तथा मुख्य सड़कों पर तिरंगे रंग की 130 स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
खाली सरकारी भूमि का जनहित में होगा उपयोग
बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत खाली पड़ी सरकारी जमीन की जानकारी जुटाकर उसका उपयोग जनहित से जुड़ी विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में करने का निर्णय लिया गया। वहीं, बाघीटांड़ स्टेडियम के समीप खाली सरकारी भूमि पर नया बस स्टैंड बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
वर्तमान में गांधी चौक के समीप बस स्टैंड का संचालन हो रहा है, जिससे बाजार क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ता है। ऐसे में नए बस स्टैंड के निर्माण से कोडरमा बाजार में भीड़भाड़ और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा होगी और शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
पर्व-त्योहार के दौरान सफाई व्यवस्था पर जोर
आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व को लेकर शहर की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया गया। पूजा पंडालों के आसपास नियमित सफाई सुनिश्चित करने, छठ घाटों की युद्ध स्तर पर सफाई कराने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था करने पर विचार-विमर्श किया गया।
पर्वों के दौरान साफ-सुथरा वातावरण बनाए रखने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक तैयारियां करने पर जोर दिया गया।
बैठक में उपाध्यक्ष सोनी कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी शंभू प्रसाद कुशवाहा, वार्ड पार्षद सचिन कुमार, रफत साहिन, रजिया खातून, गूंजा देवी, अहमद रजा सोनू, रेणु देवी, शाहिद हुसैन, सीमा कुमारी, रंजीत राम, रिया राज, अजीत वर्णवाल और सुप्रिया देवी सहित नगर प्रबंधक, कनीय अभियंता एवं अन्य कार्यालय कर्मी उपस्थित थे।
