विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोडरमा में टीकाकरण के बाद शिशु की मौत, आंगनबाड़ी केंद्र में एक साथ लगे थे चार टीके; गुस्साए स्वजनों ने किया सड़क जाम

Published: Fri, 27 Nov 2026 05:54 PM (IST)

कोडरमा के डोमचांच में टीकाकरण के बाद 39 दिन के शिशु की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने एएनएम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के विरोध में परिजनों ने सड़क जाम कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।

पिता ने एएनएम पर लगाया लापरवाही का आरोप, अस्पताल प्रभारी ने कही जांच की बात।

पिता ने एएनएम पर लगाया लापरवाही का आरोप, अस्पताल प्रभारी ने कही जांच की बात।

HighLights

  1. कोडरमा में टीकाकरण के बाद एक माह के शिशु की मौत।

  2. परिजनों ने एएनएम पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया।

  3. गुस्साए परिवार ने सड़क जाम कर जांच की मांग की।

संवाद सूत्र, डोमचांच(कोडरमा)। कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत माथाडीह आंगनबाड़ी केंद्र में टीकाकरण के बाद एक माह आठ दिन के शिशु की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्वजनों में आक्रोश है। बच्चे के पिता पप्पू साव ने एएनएम रिंकी देवी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एक साथ चार टीके लगाने पर जताई थी चिंता

पप्पू साव के मुताबिक, वे गुरुवार दोपहर करीब एक बजे अपने 38 दिन के शिशु को टीका लगवाने माथाडीह आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे थे। वहां बीसीजी का टीका लगाने के बाद एएनएम ने तीन अन्य टीके लगाने की बात कही।

पिता का आरोप है कि उन्होंने शिशु की कम उम्र देखते हुए एक साथ चार टीके लगाने पर आपत्ति जताई और अतिरिक्त टीके न लगाने का अनुरोध किया। हालांकि, एएनएम ने कोई परेशानी न होने का भरोसा दिलाते हुए तीन अन्य इंजेक्शन भी लगा दिए।

रातभर रोता रहा बच्चा, सुबह हुई मौत

पिता ने बताया कि घर जाने के बाद शिशु रातभर रोता रहा। एएनएम से संपर्क करने पर उन्होंने टीका वाली जगह पर बर्फ लगाने की सलाह दी। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे जब स्वजनों ने देखा कि बच्चे के शरीर में कोई हलचल नहीं है, तो वे उसे तुरंत सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शहीद चौक पर प्रदर्शन, जांच और कार्रवाई की मांग

मौत से आक्रोशित परिजन शव के साथ शहीद चौक पहुंचे और कोडरमा मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। इससे कुछ देर के लिए आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लोगों को शांत कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी शशि भूषण ने बताया कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एएनएम और अस्पताल प्रभारी का पक्ष

एएनएम रिंकी देवी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि टीकाकरण के बाद बच्चा पूरी तरह स्वस्थ था और टीके से कोई दिक्कत नहीं होती। उनके अनुसार, गुरुवार को केंद्र में 16 बच्चों को टीके लगाए गए थे, लेकिन घटना केवल एक बच्चे के साथ हुई।

वहीं, डोमचांच रेफरल अस्पताल के प्रभारी डॉ. आशीष राज ने कहा कि टीके से बच्चों को दिक्कत नहीं होती, लेकिन जांच में यदि एएनएम की लापरवाही पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।