कोडरमा-हजारीबाग रूट पर काटा OHE तार, रांची वंदे भारत डायवर्ट; दो पैसेंजर ट्रेनें रद
कोडरमा-हजारीबाग रूट पर जवाहर पुल के पास ओएचई तार काटने से रेल यातायात कई घंटे बाधित रहा, जिससे वंदेभारत सहित कई ट्रेनें प्रभावित हुईं।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
कोडरमा-हजारीबाग रूट पर ओएचई तार काटा गया।
लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
वंदेभारत सहित कई ट्रेनें प्रभावित, दो रद्द हुईं।
संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। कोडरमा-हजारीबाग टाउन रूट पर जवाहर पुल के पास ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) तार काटने का मामला सामने आया है।
मालगाड़ी के लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। बाद में रेल कर्मियाें ने तार को जोड़ा। इस दौरान कई घंटे रेल यातायात प्रभावित रहा। इससे दो ट्रेनें रद रहीं और रांची वंदेभारत व आसनसोल हटिया एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग गोमो होकर चलाया गया।
बरही से कोडरमा की ओर आ रही मालगाड़ी के लोको पायलट को सोमवार सुबह जवाहर घाट पुल के पास ओएचई तार टूटा मिला।
उसने इसकी सूचना सोमवार पूर्वाह्न 10 बजे धनबाद रेल कंट्रोल को जानकारी दी। इसके बाद इस खंड पर परिचालन रोक दिया गया।
घटनास्थल पर हजारीबाग आरपीएफ इंस्पेक्टर बाल गंगाधर पहुंचे और छानबीन के बाद बताया कि असामाजिक तत्वों के द्वारा दस से पंद्रह मीटर ओएचई तार को काट लिया गया है।
अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज
इस संबंध में हजारीबाग टाउन में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। घटना की सूचना के बाद धनबाद से आरपीएफ के सहायक कमांडेंट सुदीप कुमार घोष, धनबाद व कोडरमा कर्षण विभाग समेत कई विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
रेल कर्मियों की मशक्कत के बाद दोपहर करीब एक बजे रेल परिचालन सामान्य हुआ। घटना की वजह से कोडरमा व हजारीबाग टाउन होकर चलने वाली रांची वंदेभारत एक्सप्रेस और आसनसोल हटिया एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग गोमो होकर चलाया गया।
53371 कोडरमा बरकाकाना पैसेंजर व 53372 बरकाकाना कोडरमा पैसेंजर रद रही। वहीं, 13514 आसनसोल हटिया एक्सप्रेस हटिया से नियत समय 2.45 बजे के बजाय चार घंटे देरी से चली।
वहीं, 22350 पटना वंदेभारत एक्सप्रेस रांची से नियत समय शाम 4.15 से एक घंटे चार मिनट देरी से रवाना हुई। ट्रेन लगभग एक घंटे देरी से हजारीबाग टाउन शाम 7.16 बजे और कोडरमा करीब 8.21 बजे पहुंची।
यह भी पढ़ें- कोडरमा-तिलैया प्रोजेक्ट में आएगी तेजी; पटना-राजगीर का सफर होगा आसान, नए GM के आने से बढ़ा भरोसा
