विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोडरमा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक्सपायरी जूस और खराब ब्रेड बरामद; 60 किलो मोमो जब्त

Published: Thu, 15 Oct 2026 09:15 AM (GMT+05:30)

त्योहारों के मद्देनजर कोडरमा के झुमरीतिलैया में खाद्य सुरक्षा विभाग ने होटलों और प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान एक्सपायर्ड ...और पढ़ें

झुमरीतिलैया में खाद्य सुरक्षा विभाग ने की सघन जांच। जागरण

झुमरीतिलैया में खाद्य सुरक्षा विभाग ने की सघन जांच। जागरण

संवाद सहयोगी, कोडरमा। पर्व-त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने झुमरीतिलैया में होटलों, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। निरीक्षण में एक्सपायर्ड और खराब खाद्य सामग्री के साथ लाइसेंस व साफ-सफाई से जुड़ी अनियमितताएं मिलीं।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने महाराणा प्रताप चौक से पूर्णिमा टाकीज तक स्थित ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंट, ठेला-खोमचा और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों, फूड लाइसेंस और साफ-सफाई की जांच की गई। मसाला जंक्शन, हंगर केव और स्पलैश के किचन में सफाई की कमी मिलने पर नोटिस जारी किए गए।

स्पलैश में एक्सपायरी डेट वाला जूस और रायल केक में एक्सपायरी डेट वाला फूड कलर मिला। हंगर केव में खराब ब्रेड के साथ ऐसे फ्रोजन मोमो भी पाए गए, जिन पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि दर्ज नहीं थी। विभाग ने 60 किलोग्राम मोमो जब्त किए। स्पलैश और न्यू रायल बिरयानी हाउस के फूड लाइसेंस में भी त्रुटियां मिलीं। संचालकों को सुधार करने का निर्देश दिया गया है। त्रुटिपूर्ण लाइसेंस के मामले में नियमानुसार निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।

जांच में कई होटल और ठेला-खोमचा संचालकों के पास फूड लाइसेंस नहीं मिला, जबकि कुछ लाइसेंस की वैधता समाप्त हो चुकी थी। संबंधित कारोबारियों को लाइसेंस लेने या नवीनीकरण के लिए आवेदन करने और सदर अस्पताल स्थित खाद्य सुरक्षा कार्यालय से संपर्क करने को कहा गया।

चाट, समोसा और मिठाई विक्रेताओं द्वारा कैंसरकारक अखाद्य रंग के इस्तेमाल के मामले भी मिले। ऐसे खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए। कारोबारियों को चाट, चटनी, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंग का इस्तेमाल न करने का निर्देश दिया गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित हाइजीन मानकों का पालन करने को कहा। पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर फूड लाइसेंस नंबर, निर्माता का नाम-पता और निर्माण व एक्सपायरी तिथि की जांच करने तथा फूड स्टाल, कार्ट और ठेला संचालकों को लाइसेंस प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद और उमेश कुमार तथा डेटा एंट्री आपरेटर धर्म प्रसाद मौजूद थे। 

यह भी पढ़ें- रांची के कावेरी रेस्टोरेंट में काॅकरोच और एक्सपायरी मिठाई मिली, कुप्पूस्वामी के पनीर में स्टार्च की मिलावट