विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Koderma Crime News: सील विस्फोटक मैगजीन से 21 पेटी जिलेटिन गायब, जंगल के बीच चोरी ने बढ़ाई पुलिस की चिंता

By Gajendra Bihari Sinha Edited By: Kanchan Singh
Published: Sat, 17 Jan 2026 08:13 PM (IST)

कोडरमा के मरकच्चो थाना क्षेत्र में सील किए गए विस्फोटक मैगजीन से 21 पेटी जिलेटिन पावर जेल चोरी हो गई। यह मैगजीन 2016 में एक नक्सली विस्फोटक बरामदगी मामले के बाद सील की गई थी। अपराधियों ने दो ताले तोड़कर और गैस कटर का उपयोग कर सुनसान जंगल में स्थित इस मैगजीन से विस्फोटक चुराया। पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

इसी मैगजीन से गायब हुए विस्फोटक।

इसी मैगजीन से गायब हुए विस्फोटक।

HighLights

  1. सील मैगजीन से 21 पेटी जिलेटिन पावर जेल चोरी।

  2. 2016 में नक्सली विस्फोटक मामले के बाद हुई थी सील।

  3. पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी,कोडरमा।  कोडरमा के मरकच्चो थाना क्षेत्र के नावाडीह के बहादुरपुर स्थित सील किए गए विस्फोटक मैगजीन से करीब 21 पेटी जिलेटिन पावर जेल चोरी हो गई। इस विस्फोटक मैगजीन को अगस्त 2016 में सील किया गया था।

जानकारी के अनुसार, यह मैगजीन फुलवरिया के रहने वाले राजू मेहता की बताई जाती है, जो अब जीवित नहीं हैं। 2016 में गुप्त सूचना  पर गया जिले के 12 बाराचट्टी थाना पुलिस ने एक वाहन से 10,350 पीस डेटोनेटर और 6,500 पीस जिलेटिन बरामद की थी।

उस समय पुलिस जांच में इस कांड के तार कोडरमा से जुड़े थे और यह बात सामने आई थी कि बरामद विस्फोटक कोडरमा जिले इसी मैगजीन का है जो नक्सलियों तक सप्लाई किए जाने थे।

इस मामले में बाराचट्टी थाने में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इनमें कोडरमा के प्रदीप कुमार, बालेश्वर साव और वाहन चालक मोहम्मद हनीफ दोषी पाए गए थे।

कई साल की सजा काटने के बाद तीनों फिलहाल जेल से बाहर हैं। मामले में कार्रवाई करते हुए कोडरमा और गया पुलिस ने मरकच्चो थाना क्षेत्र में उक्त मैगजीन को सील कर दिया था और सुरक्षा की जिम्मेदारी मरकच्चो थाना पुलिस को सौंपी थी।

लेकिन अब अपराधियों ने मैगजीन के दो ताले तोड़ कर और गैस कटर की मदद से विस्फोटक चोरी कर ली। यह मैगजीन जंगलों के बीच सुनसान इलाके में स्थित है। मामले की सूचना के बाद घटना कब और कैसे हुई, पुलिस इसकी जांच में जुट गई है।

 

 मामले में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।कई ऐंगल से जांच की जा रही है। - अनुदीप सिंह,एसपी,कोडरमा ।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।