चुनाव के बाद 65 किलोमीटर दूर छत्तीसगढ़ जाएंगे रघुवर: रघुवंश
राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने कोडरमा में कहा है कि भाजपा के 65 पार का नारा पूरी तरह से फेल हो जाएगा और इस चुनाव के बाद रघुवर दास झारखंड से 65 किलोमीटर दूर छतीसगढ़ चले जाएंगे। उन्होंने कहा आज हुए मतदान में रघुवर दास के जीतने पर भी उन्हे संदेह है।
कोडरमा : राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने कोडरमा में पत्रकारों से बात करते हुए कहा है कि भाजपा का 65 पार का नारा पूरी तरह से फेल हो जाएगा। इस चुनाव के बाद रघुवर दास झारखंड से 65 किलोमीटर दूर छतीसगढ़ चले जाएंगे। उन्होंने कहा आज हुए मतदान में रघुवर दास के जीतने पर भी उन्हें संदेह है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से लोग तंग आ चुके हैं और बेरोजगारी, महंगाई से आम लोगों का जीना दूभर हो गया है। प्याज के कीमतों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में ही प्याज शतक और डेढ़ शतक लगा सकता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह रविवार से कोडरमा और बरकट्ठा विधानसभा के प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार में शामिल हो जाएंगे। शनिवार शाम बरकट्ठा प्रत्याशी खालिद खलील के चाराडीह आवास पर उन्होंने कहा कि लालू जी के इस चुनाव में प्रत्यक्ष रूप से नहीं रहने की कमी उन लोगों को व्यक्तिगत रूप से जरूर खल रही है, लेकिन आज पार्टी का हर नेता और कार्यकर्ता लालू यादव बनकर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में निश्चित तौर पर महागठबंधन की सरकार बनेगी और महाराष्ट्र के जैसे ही यहां भी भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में महागठबंधन में बाबूलाल मरांडी के शामिल नहीं होने से उन्हें थोड़ा मलाल जरूर है, बावजूद इसके पार्टी झारखंड के सभी विधानसभा सीटों पर मजबूती से तैयारी में जुटी है और इसका नतीजा भी महागठबंधन के लिए बेहतर साबित होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और नरेंद्र मोदी के नाम पर इस विधानसभा चुनाव में वोट मांगे जा रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार की खामियों से आम जनता अवगत है और यही कारण है कि इस बार लोगों का रुझान महागठबंधन की ओर है। इस मौके पर राज्यसभा सांसद अशफाक करीम, कटिहार विधायक नीरज कुमार, बिहार राजद के प्रदेश महासचिव केदार यादव और बरकट्ठा प्रत्याशी खालिद खलील के अलावे राजद नेता प्रवीण सिंह भी मौजूद थे।