कश्मीर की वादियों में नए साल के जश्न पर ट्रेनों की मार: जम्मूतवी एक्सप्रेस में सीटें फुल, उत्तराखंड जाने वालों को राहत
नए साल पर कश्मीर और वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों को जम्मूतवी ट्रेनों में टिकटों की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे लंबी वेटिंग और बुकिंग बंद हो गई है। कोडरमा के यात्रियों ने की स्पेशल ट्रेन को जम्मूतवी तक बढ़ाने की मांग की है।

जम्मूतवी की ट्रेनों में लंबी वेटिंग और बुकिंग बंद हो गई है। (फोटो: फाइल)
HighLights
नए साल पर कश्मीर जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़।
जम्मूतवी ट्रेनों में टिकटों की लंबी वेटिंग और बुकिंग बंद।
यात्रियों ने धनबाद-दिल्ली स्पेशल ट्रेन विस्तार की मांग की।
संवाद सूत्र, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बीच नए साल का जश्न मनाने के लिए कश्मीर आज भी सैलानियों की पहली पसंद बना हुआ है। इसका अंदाजा जम्मूतवी जाने वाली नियमित ट्रेनों में टिकटों की भारी मांग से लगाया जा सकता है।
स्थिति यह है कि यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलना तो दूर, लंबी वेटिंग के बाद अब कई तारीखों में रिग्रेट होने के कारण टिकट बुकिंग भी बंद हो गई है। धनबाद-कोडरमा-गया होकर जम्मूतवी जाने के लिए कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस और सियालदह-जम्मूतवी हमसफर एक्सप्रेस ही प्रमुख विकल्प हैं।
दिसंबर के मध्य से जनवरी के शुरुआती दिनों तक दोनों ट्रेनों की सभी श्रेणियों में लंबी वेटिंग चल रही है। इससे नए साल पर वैष्णो देवी के दर्शन और कश्मीर की वादियों की सैर का कार्यक्रम बना रहे यात्रियों को परेशानी हो रही है। यात्रियों की समस्या को देखते हुए कोडरमा के लोगों ने रेलवे अधिकारियों से धनबाद-दिल्ली स्पेशल ट्रेन का फेरा बढ़ाकर जम्मूतवी तक विस्तार करने की मांग की है।
यात्रियों का कहना है कि पहले धनबाद-कोडरमा होकर जम्मू के लिए स्पेशल ट्रेन चलती थी, लेकिन अब इसे दिल्ली तक ही सीमित कर दिया गया है। जनवरी में इसके फेरे भी समाप्त होने वाले हैं। ऐसे में ट्रेन का विस्तार जम्मूतवी तक होने से यात्रियों को राहत मिल सकती है।
उत्तराखंड जानेवाली ट्रेनों में स्थिति थोड़ी बेहतर
उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों की यात्रा करने वालों के लिए अपेक्षाकृत राहत है। धनबाद-कोडरमा होकर चलने वाली हावड़ा-योगनगरी ऋषिकेश दून एक्सप्रेस में वेटिंग है, लेकिन क्रिसमस और नए साल के दौरान यह अन्य दिनों की तुलना में कम है।
वहीं, हावड़ा-लालकुआं एक्सप्रेस में भी 25 दिसंबर को छोड़कर बाकी दिनों में वेटिंग कम है। इससे नैनीताल और कुमाऊं क्षेत्र जाने वाले यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।