कोडरमा में करमा महोत्सव में थिरक रही थी रानी, सड़क पर आते ही मौत से थम गई जिंदगी
कोडरमा के जामुखांडी में करमा महोत्सव में शामिल होने के बाद लौट रही 10 वर्षीय रानी कुमारी की सड़क हादसे में मौत हो गई।
-1789997278171_m.webp)
शव के साथ रांची - पटना सड़क जाम करते आक्रोशित ग्रामीण। (जागण)
HighLights
10 वर्षीय रानी कुमारी की सड़क हादसे में मौत।
करमा महोत्सव से लौटते समय फ्लाई ऐश वाहन ने टक्कर मारी।
ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे और व्यवस्था पर सवाल उठाए।
संवाद सूत्र, चंदवारा। करमा महोत्सव में कुछ देर पहले तक जिस बच्ची के कदम खुशी से थिरक रहे थे, कुछ ही देर बाद उसी बच्ची की जिंदगी सड़क हादसे में थम गई।
सोमवार को जामुखांडी के समीप हुए दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय रानी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान कोडरमा जिले के चंदवारा थानांतर्गत जामुखांडी निवासी राजू सिंह की पुत्री रानी कुमारी के रूप में हुई है।
हादसे के बाद महोत्सव की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार के साथ पूरा गांव गम में डूब गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जामुखांडी के समीप घटवार समाज की ओर से करमा महोत्सव का आयोजन किया गया था।
रानी भी नृत्य कार्यक्रम में शामिल हुई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह लौट रही थी। इसी दौरान सड़क पार करते समय फ्लाई ऐश लदे वाहन (एनएल-01-एल-4398) की चपेट में आ गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन और चालक को हिरासत में ले लिया है।
हादसे के बाद सड़क पर उतर आए ग्रामीण
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों ने करमा महोत्सव स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती पर सवाल उठाए।
उनका कहना था कि कार्यक्रम के दौरान सड़क पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और यातायात नियंत्रण बेहतर रहता तो हादसा टाला जा सकता था।
ग्रामीणों ने पावर प्लांट में फ्लाई ऐश ढुलाई में लगे वाहनों की रफ्तार पर भी सवाल उठाया। उनका आरोप है कि ओवरलोड फ्लाई ऐश लदे वाहन कार्रवाई से बचने के लिए तेज गति से चलते हैं।
इससे पूर्व भी ऐसे वाहनों से दुर्घटनाएं होने की बात ग्रामीणों ने कही। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करती रही।
थाना प्रभारी प्रेम कुमार ने बताया कि करमा महोत्सव को लेकर यातायात व्यवस्था के मद्देनजर विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। यातायात सुचारु रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे।
यह भी पढ़ें- कोडरमा थर्मल प्लांट के ट्रांसफार्मर में लगी आग, दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
