गाय वीआइपी हो गई और इंसान बेचारा : शरद
2014 के चुनाव के पूर्व प्रतिवर्ष 2 करोड़ लोगों को रोजगार देने, गंगा की सफाई करने, काला धन वापस लाने, भ्रष्टाचार मिटाने के किए गए सारे वादे धरे रह गए। पिछले 5 वर्षों में देश में अचानक गाय वीआईपी हो गई और इंसान के जान की कीमत इसके आगे कुछ भी नहीं रही।
झुमरीतिलैया (कोडरमा): वर्ष 2014 के चुनाव के पूर्व प्रतिवर्ष 2 करोड़ लोगों को रोजगार देने, गंगा की सफाई करने, काला धन वापस लाने, भ्रष्टाचार मिटाने के किए गए सारे वादे धरे रह गए। पिछले 5 वर्षों में देश में अचानक गाय वीआइपी हो गई और इंसान बेचारा। इंसान जान की कीमत गाय के आगे कुछ भी नहीं रही। बेरोजगारी, किसानों के कल्याण, देश के विकास से बड़ा मुद्दा मंदिर-मस्जिद हो गया।
उक्त बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने मंगलवार को झुमरीतिलैया के ब्लॉक मैदान में झारखंड विकास मोर्चा द्वारा आयोजित पार्टी के जिला कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भारत का का संविधान एक ऐसी किताब है जिसमें देश के सभी वर्गों, सभी संप्रदायों, अमीर, गरीब, किसान, मजदूर सबका कल्याण निहित है। लेकिन भाजपा के लोग इसी संविधान को नष्ट करने में तुले हुए हैं। लोकतंत्र को खत्म कर देना चाहते हैं। यदि 2019 में यह लोग फिर सत्ता में आ गए तब 2050 तक देश में चुनाव ही नहीं कराएंगे। सभा के माध्यम से उन्होंने ऐलान करते हुए कहा कि पूरे देश में महागठबंधन बन रहा है। इसलिए महागठबंधन में जहां जो भी उम्मीदवार हो, उसे जिताएं और भाजपा को सत्ता से बेदखल करें।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी एक अच्छे, सच्चे व सबसे ईमानदार व्यक्ति हैं। इसीलिए मैं दिल्ली से चलकर उनके लिए कोडरमा आया हूं। उन्होंने कहा कि झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश से ही देश की सत्ता तय होती है। यहां के लोग अब तय कर चुके हैं कि आनेवाले समय में लोगों को क्या करना है। 31 फीसद वोट लाकर भाजपा के लोग 2014 में सत्ता पर काबिज हुए। आगामी चुनाव में 69 फीसद लोगों को अपनी एकजुटता दिखानी होगी। झारखंड के संदर्भ में उन्होंने कहा कि यहां की सत्ता अमित शाह व नरेंद्र मोदी चला रहे हैं। झारखंड व छत्तीसगढ़ देश की 70 फीसद खनिज संपदा वाला प्रदेश है। इसे दोनों हाथों से लूटा जा रहा है। समाज को तोड़ने में लगे हैं भाजपा के लोग : मरांडी
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य व केंद्र की सरकार ने देश को पूरी तरह से लूटने का काम किया। झारखंड में जितनी भी नीतियां बनी सभी पूंजीपतियों के लिए बनी। यहां किसानों आदिवासियों के लिए कोई नीति नहीं बनती। भाजपा के लोग देश में मंदिर-मस्जिद, अगड़ा पिछड़ा, आदिवासी गैर आदिवासी के नाम पर देश को तोड़ने में लगे हैं। समाज में नफरत फैलाने में लगे हैं। भाई भाई को लड़ा कर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने में लगे हैं। इससे आने वाले दिनों में लोगों को सावधान रहना होगा। उन्होंने भावनात्मक लहजे में कहा कि कोडरमा से ही उन्होंने अपनी राजनीति की दूसरी पारी शुरू की थी। यहां के लोगों के लोगों के प्यार व समर्थन से ही वे आज तक राजनीति में बने हुए हैं। केंद्र व राज्य में जुमलेबाजों की सरकार : अन्नपूर्णा
सभा को संबोधित करते हुए राजद के प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि केंद्र व राज्य में जुमले बाजों की सरकार देश को तहस-नहस करने में जुटी है। इनके शासन में हर वर्ग के लोग परेशान हैं। सामाजिक समरसता व आपसी भाईचारा को लोग खत्म करने पर तुले हुए हैं। संविधान बदलने का प्रयास कर रहे हैं। जरूरत आ गई है ऐसे जुमले बाजों से देश को मुक्त कराने की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार के कार्यकाल में बेटियों की स्थिति सबसे ज्यादा खराब हो रही है। उन्हें हर जगह शोषण व प्रताड़ना का शिकार होना पड़ा है। कोडरमा समेत पूरे राज्य में ऐसे कई मामले हैं जिसमें बेटियों को शासन-प्रशासन की लापरवाही की सजा भुगतनी पड़ी है। सभा को पूर्व मंत्री रामचंद्र केसरी, डॉक्टर सबा अहमद, पूर्व विधायक गुरु सहाय महतो, लक्ष्मण सवर्णकार, झाविमो के केंद्रीय महासचिव खालिद खलील, सुरेश साव, रामनाथ ¨सह, सुखदेव यादव, सुनील यादव, डॉ. जावेद, असद खान समेत दर्जनों वक्ताओं ने भी संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता बेदू साव ने की, जबकि संचालन राजेंद्र ¨सह ने किया।