झारखंड में पशुपालकों के लिए खुशखबरी; गाय, बकरा और मुर्गी पालन पर 90 प्रतिशत तक सब्सिडी
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत किसानों और ग्रामीण बेरोजगार युवाओं को पशुपालन के लिए 75 से 90 प्रतिशत तक अनुदान मिलेगा।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना में 75-90% तक अनुदान।
गाय, बकरी, सूअर, मुर्गी पालन हेतु मिलेगा सहयोग।
इच्छुक लाभार्थी 15 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन।
संवाद सूत्र, डोमचांच (कोडरमा)। किसानों एवं पशुपालकों के लिए अच्छी खबर है। ग्रामीण क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं तथा पशुपालन के माध्यम से आय बढ़ाने के इच्छुक लोगों को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत स्वरोजगार का अवसर मिलेगा।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजना के तहत पात्र लाभुकों को विभिन्न पशुपालन योजनाओं में 75 से 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा।
डोमचांच प्रखंड प्रमुख डॉ. सत्यनारायण यादव ने ग्रामीणों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि गाय पालन के लिए दो या उससे अधिक गायों के लिए आवेदन किया जा सकता है।
बकरा विकास योजना के तहत आठ मादा एवं दो नर बकरे, सूअर विकास योजना में चार मादा एवं एक नर सूअर उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
इसी तरह बैकयार्ड लेयर कुक्कुट पालन के लिए 400 लेयर मुर्गियां, ब्रायलर पालन के लिए 500 चूजे, बत्तख चूजा वितरण योजना के तहत 15 बत्तख चूजे तथा भेड़ पालन योजना में आठ मादा एवं दो नर भेड़ दिए जाने का प्रावधान है।
प्रखंड प्रमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए आय का स्थायी साधन विकसित करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
बेरोजगार युवक-युवतियां एवं पशुपालन में रुचि रखने वाले किसान योजना का लाभ लेकर स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं। इच्छुक लाभुक 15 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- कोडरमा के डुमरी में न पक्की सड़क, न सुरक्षित रास्ता; जान जोखिम में डालकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे
