कोडरमा में साइड देने के चक्कर में खेत में उतरी स्कूल बस, बच्चों ने कूदकर बचाई जान; बड़ा हादसा टला
कोडरमा के बाराडीह में आईलेक्स पब्लिक स्कूल की बच्चों से भरी बस अनियंत्रित होकर खेत में उतर गई।
HighLights
बाराडीह में स्कूल बस अनियंत्रित होकर खेत में उतरी।
बच्चों ने सूझबूझ दिखाते हुए बस से कूदकर जान बचाई।
बड़ा हादसा टला, सभी बच्चे सुरक्षित बाहर निकले।
संवाद सूत्र, जयनगर (कोडरमा)। डोमचांच प्रखंड अंतर्गत बाराडीह गांव के समीप सोमवार सुबह आईलेक्स पब्लिक स्कूल (डांडाडीह-जयनगर) की बच्चों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में उतर गई।
बस के झुकते ही उसमें सवार बच्चों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत खेत में छलांग लगा दी। गनीमत रही कि बस पूरी तरह पलटी नहीं और उसमें सवार सभी 8 से 10 बच्चे बाल-बाल बच गए।
सामने से आ रहे वाहन को साइड देने में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, आईलेक्स पब्लिक स्कूल की बस रोजाना की तरह सोमवार सुबह करीब सात बजे नईटांड़ के रास्ते बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी।
बाराडीह गांव के पास सड़क काफी संकरी है। इसी दौरान सामने से एक अन्य वाहन आ गया। उसे पास देने के प्रयास में बस चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क किनारे ढलान से होते हुए सीधे खेत में उतरकर एक तरफ झुक गई।
बच्चों की सूझबूझ और ग्रामीणों की मदद से टला संकट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस जिस दिशा में झुकी थी, बच्चों ने बिना घबराए उसी ओर से एक-एक कर खेत में कूदना शुरू कर दिया। यदि बस पूरी तरह पलट जाती तो बच्चे उसके नीचे दब सकते थे और बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल दौड़कर पहुंचे और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलते ही अभिभावक भी मौके पर पहुंचे। सभी बच्चों के सकुशल होने पर परिजनों व स्कूल प्रबंधन ने राहत की सांस ली है।
