50 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर छठ गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल, धनबाद रेल मंडल की विशेष तैयारियां
धनबाद रेल मंडल के 50 से अधिक स्टेशनों पर छठ पूजा के पारंपरिक गीतों का 24 घंटे प्रसारण शुरू हो ...और पढ़ें

धनबाद रेल मंडल के 50 से अधिक स्टेशनों पर शुरू हुआ छठ गीतों का प्रसारण।
HighLights
धनबाद रेल मंडल के 50 से अधिक स्टेशनों पर छठ गीतों का प्रसारण शुरू।
छठ पूजा तक 24 घंटे गूंजेंगे पारंपरिक भक्तिमय गीत, माहौल भक्तिमय।
यात्रियों को घर और छठ घाट की याद दिला रहा यह माहौल।
संवाद सूत्र, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर रेलवे ने इस वर्ष विशेष पहल की है। छठ पूजा 2026 के अवसर पर रेलवे बोर्ड के निर्देश पर देशभर के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों के साथ धनबाद रेल मंडल के 50 से अधिक स्टेशनों पर छठ के पारंपरिक गीतों का प्रसारण शुरू किया गया है। इससे रेलवे स्टेशनों का माहौल भक्तिमय हो गया है।
स्टेशन पर गूंज रहे 'मंगीला हम वरदान हे गंगा मइया', 'केलवा के पात पर उगेलन सुरुज देव' और 'कांच ही बांस के बहंगिया' जैसे गीत यात्रियों को घर और छठ घाट की याद दिला रहे हैं। रेलवे की इस पहल से यात्रियों में भी उत्साह है।
महिला यात्री छठ गीतों के साथ गुनगुनाती नजर आ रही हैं। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर छठ के पारंपरिक गीत सुनकर उन्हें अपने घर और परिवार के साथ पर्व मनाने का एहसास हो रहा है। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ अनुष्ठान शुरू होगा।
ऐसे में घरों से लेकर बाजारों और सार्वजनिक परिवहन के साधनों तक छठ गीतों की गूंज सुनाई देने लगी है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, छठ पूजा तक स्टेशनों पर 24 घंटे गीतों का प्रसारण किया जाएगा। पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने इसकी जानकारी दी।
कोडरमा रेलवे स्टेशन के सीटीआई बच्चा सिंह ने बताया कि कोडरमा के अलावा पहाड़पुर, गुरपा, दिलवा, गझंडी, हीरोडीह, शरमाटांड़ और परसाबाद स्टेशनों पर भी छठ गीत बजाए जा रहे हैं।
सुरक्षित यात्रा को लेकर की जा रही अपील
छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। कोडरमा स्टेशन पर उद्घोषणा के माध्यम से यात्रियों को ज्वलनशील पदार्थ और विस्फोटक सामग्री ट्रेनों में नहीं ले जाने की अपील की जा रही है।
वहीं आरपीएफ निरीक्षक सह प्रभारी दीपक कुमार ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन के पायदान पर खड़े होकर या लटककर सफर न करें और सुरक्षित यात्रा के नियमों का पालन करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।