Lok Sabha Polls 2019: कोडरमा लोकसभा क्षेत्र में दो महिला समेत 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में
Lok Sabha Polls 2019. कोडरमा लोकसभा क्षेत्र में नाम वापसी की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद अब दो महिला समेत 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं।
कोडरमा, जागरण संवाददाता। कोडरमा लोकसभा क्षेत्र में नाम वापसी की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद अब दो महिला समेत 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। डीसी भुवनेश प्रताप सिंह व एसपी एम तमिल वाणन ने सोमवार को संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि कोडरमा लोस क्षेत्र में तीन अभ्यर्थियों का आवेदन निरस्त किया गया है। जबकि एक ने नाम वापस लिया। अब 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में शेष रह गए हैं।
इसमें दो महिला उम्मीदवार हैं। डीसी ने कहा कि एक प्रत्याशी मुस्तकीम अंसारी ने अपना नाम वापस लिया है। गिरिडीह जिला से ही उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर हर स्तर पर तैयारी की गई है। व्यय पर्यवेक्षक, पुलिस पर्यवेक्षक ने भी कोडरमा पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। वहीं फ्लाईंग स्क्वायड टीम व स्टैटिक सर्विलांस टीम को सभी क्षेत्रों में जांच के लिए एक्टिव कर दिया गया है।
टीम हर गतिविधि पर नजर रख रही है। लाइसेंसी आम्र्स जमा नहीं करने वालों का लाइसेंस रद करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हथियार जमा नहीं करने वाले 14 लाइसेंस अब तक रद कर दिए गए हैं। वहीं 130 अन्य आम्र्स लाइसेंस एक सप्ताह के अंदर रद्द कर दिए जाएंगे। डीसी ने कहा कि मतदाता जागरुकता के लिए सर्व सहयोग हर स्तर पर चलाई जा रही है।
इसका अब सुखद परिणाम आ रहा है। वोटरों की सहुलियत के लिए जारी कोडरमा इलेक्शन मैनेजमेंट एप भी लोगों के लिए कारगर साबित हो रहा है। अब तक 35 हजार लोगों ने इस एप में खुद को रजिस्टर किया है। इस चुनाव के दौरान यह एप वोटरों के लिए काफी सुविधाजनक है। एप के माध्यम से हर जानकारी दी गई है।
नक्सल प्रभावित बूथों में तैनात होंगे पारामिलिट्री
एसपी एम तमिल वाणन ने कहा कि जिले के सभी बूथों की समीक्षा की जा रही है। चंदवारा, ढाब, सतगावां एवं डोमचांच के उग्रवाद प्रभावित बूथों में पारामिलिट्री की तैनाती की जा रही है। पुलिस ऑब्जर्वर के द्वारा कई दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
खास तौर पर नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस तैनाती को लेकर हर तरह की चर्चा की गई है। बॉर्डर इलाके में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आम लोग किसी भी तरह की सूचना संबंधित थाना या उन्हें दे सकते हैं।
ये उम्मीदवार रह गए मैदान में
अन्नपूर्णा देवी- भाजपा, कंचन कुमारी- ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस, बाबूलाल मरांडी- झारखंड विकास मोर्चा, सरफराज अहमद- बसपा, अवधेश कुमार- विश्व शक्ति पार्टी, टुकलाल नायक- हिंदुस्तान निर्माण दल, दयानंद कुमार- जनता कांग्रेस, बयास कुमार- मूल निवासी समाज पार्टी, राजकुमार यादव- कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, शिवनाथ साव- ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के अलावा तीन निर्दलीय उम्मीदवार प्रदीप तुरी, मो. महबूब व रामेश्वर प्रसाद यादव।