ट्रक लूट मामले में दो और गिरफ्तार
गत तीन नवंबर की रात मुरहू थानांतर्गत बिचना गांव के समीप हुई पत्थर पाउडर लदे 12 चक्का ट्रक की लूट के मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह जानकारी
खूंटी : गत तीन नवंबर की रात मुरहू थानांतर्गत बिचना गांव के समीप हुई पत्थर पाउडर लदे 12 चक्का ट्रक की लूट के मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह जानकारी मंगलवार को पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर दी।
उन्होंने बताया कि इस मामले में गत नौ नवंबर को रांची के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापामारी कर चार आरोपितों अंजर अंसारी, सरफराज खान, संजय लोहरा एवं जागरन लोहरा को गिरफ्तार किया गया था। साथ ही लूटे गए ट्रक व लूट में प्रयुक्त एक कार को बरामद किया गया था। इसके बाद इनकी निशानदेही पर एनामुल अंसारी व विनोद मुंडा उर्फ रघु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लेकिन पुलिस के हाथ मुख्य आरोपित व एक अन्य नहीं लगा। पकड़े गए आरोपितों से पुलिस ने फरार दोनो आरोपितों के बारे में पूरी जानकारी जुटा ली थी। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही थी। गत सोमवार की रात पुलिस को जानकारी मिली कि दोनो आरोपित अपने घर तुपुदाना थानांतर्गत चांद सिलादोन गांव आए हुए हैं। इस सूचना पर मुरहू थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के नेतृत्व में मुरहू पुलिस ने चांद सिलादोन गांव में छापामारी कर लूट कांड के सरगना तैयब अंसारी तथा मकसूद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त एक 7.65 एमएम की देशी पिस्तौल, एक छह राउंड का देशी रिवाल्वर, दो कारतूस एवं दो मोबाइल बरामद किए।
एसपी ने बताया कि इस घटना में संलिप्त सभी आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपित अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हुए हैं। विभिन्न जिलों में गिरोह के सदस्य सक्रिय हैं। पकड़ा गया तैयब अंसारी कई मामलों में जेल जा चुका है। अभी कुछ दिन पहले ही वह जेल से बाहर आया था और बाहर आते ही उसने घटना को अंजाम दे दिया।