उपायुक्त ने ग्रामीणों के साथ बैठकर किया सीधा संवाद
उपायुक्त शशि रंजन ने मंगलवार को मुरहू प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उपायुक्त ने धरातल पर विकास कार्यों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से बिदा पंचायत के रोड़ो ग्राम में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
खूंटी : उपायुक्त शशि रंजन ने मंगलवार को मुरहू प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उपायुक्त ने धरातल पर विकास कार्यों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से बिदा पंचायत के रोड़ो ग्राम में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
उपायुक्त ने ग्रामीणों के साथ बैठकर उनसे बात की। उपायुक्त ने कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यकता है कि धरातल पर विकास कार्यों को गति मिल सके। उन्होंने कहा कि लखपति किसान योजना के तहत लाभान्वित हुए किसान अपने अनुभवों को साझा करें। यह जरूरी है कि कल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीण सीधे तौर पर लाभन्वित हो सके। इस दौरान महिलाओं ने अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार टमाटर, गोभी व अन्य सब्जियों की खेती कर उन्हें अधिक लाभ मिला है। साथ ही उपायुक्त ने मछली पालन से मिल रहे लाभों के सम्बंध में जानकारी ली एवं उन्हें प्रशासन से मिल रहे सहयोग के सम्बंध में भी विस्तार से बताया। मौके पर ग्रामीणों ने योजनाओं के तहत मिले लाभ के संबंध में विस्तार से बताया। साथ ही ग्रामीणों ने उपायुक्त के समक्ष अपनी मांगें भी रखीं। इसमें मुख्य रूप सोलर पंप आधारित डीप बोरिग, पीसीसी पथ, कब्रिस्तान घेराबंदी व खेल मैदान का निर्माण आदि शामिल है। इस पर उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का यथासंभव निराकरण किया जाएगा। साथ ही पेयजल की समस्या पर उन्होंने कहा कि कुआं का निर्माण, लिफ्ट इरिगेशन, मेढ़बंदी आदि की दिशा में भी कार्य किए जाएंगे।
जंगल के बीच जाकर बढ़ाया किसानों का मनोबल :
उपायुक्त ने जंगल के बीच जाकर किसानों का मनोबल भी बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र का अवलोकन कर जल संरक्षण की विभिन्न संरचनाओं का निरीक्षण किया। साथ ही किसानों को उन्नत खेती व जल संरक्षण की दिशा में प्रोत्साहित भी किया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी हेमन्त सती, जिला शिक्षा अधीक्षक महेन्द्र पांडेय, जिला नियोजन पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचल अधिकारी सहित अन्य अधिकारी/कर्मी उपस्थित थे।