विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खूंटी: स्कूल जाने की बात कहकर दोस्तों संग रिमिक्स फॉल पहुंचा 19 साल का छात्र, गहरे पानी में डूबने से मौत

Published: Sun, 13 Sep 2026 01:07 PM (IST)

रांची के एक छात्र निलेश कच्छप की खूंटी के रिमिक्स फॉल में डूबने से मौत हो गई। वह अपने दोस्तों ...और पढ़ें

छात्र निलेश कच्छप की रिमिक्स फॉल में डूबने से मौत।

छात्र निलेश कच्छप की रिमिक्स फॉल में डूबने से मौत।

HighLights

  1. रांची के छात्र निलेश कच्छप की रिमिक्स फॉल में डूबने से मौत हुई।

  2. दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाने खूंटी के फॉल गया था।

संवाद सहयोगी, खूंटी। मारंगहादा थाना क्षेत्र के रिमिक्स फॉल में शनिवार को नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से रांची के एक छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के बड़ा घाघरा सरना टोली निवासी सेवानिवृत्त सैनिक सुशील कच्छप के 19 वर्षीय इकलौते पुत्र निलेश कच्छप के रूप में हुई है। निलेश रांची के पुरुलिया रोड स्थित संत अलोइस प्लस टू उच्च विद्यालय में इंटर का छात्र था।

जानकारी के अनुसार, निलेश शनिवार सुबह अपने दस दोस्तों के साथ चार बाइक से एक दोस्त की जन्मदिन की पार्टी मनाने रिमिक्स फॉल पहुंचा था। वहां नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख दोस्तों ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर उसकी तलाश शुरू की। घटना की सूचना मारंगहादा थाना पुलिस को भी दी गई।

सूचना मिलते ही मारंगहादा थाना के पुलिस पदाधिकारी जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। करीब एक बजे निलेश को गहरे पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस उसे तत्काल मारंगहादा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वर्तमान में रांची एयरपोर्ट पर सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत निलेश के पिता सुशील कच्छप ने बताया कि निलेश सुबह घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन दोस्तों के साथ रिमिक्स फॉल पहुंच गया।

उन्होंने बताया कि निलेश को तैरना भी नहीं आता था। घटना के बाद उसके स्वजनों और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे स्वजनों को सौंप दिया। 

यह भी पढ़ें- भभुआ: पेड़ से टकराकर पानी से भरे गड्ढे में गिरी तेज रफ्तार बाइक, डूबने से 2 की जान गई