हर गांव में होगा राजीव गांधी पंचायती राज संगठन का विस्तार
खूंटी जिला राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की बैठक बुधवार को पूर्व विधायक कालीचरण मुंडा के आवासीय कार्यालय में हुई।
खूंटी : खूंटी जिला राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की बैठक बुधवार को पूर्व विधायक कालीचरण मुंडा के आवासीय कार्यालय में हुई। बैठक में ग्राम स्वराज यात्रा को हर क्षेत्र के ग्राम तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई। साथ ही संगठन के विस्तार करने के साथ इसे धारदार बनाने पर भी चर्चा हुई। मौके पर पूर्व विधायक सह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य कालीचरण मुंडा ने कहा कि ग्राम स्वराज महात्मा गांधी सपना था, जिसको आजादी के बाद पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने पूरा करने के प्रयास किए। इस बाबत उन्होंने एक संवैधानिक संशोधन विधेयक संसद में रखा था। किसी कारण से विधेयक पारित नहीं हो सका, लेकिन उनकी मृत्यु के उपरांत पूर्व प्रधानमंत्री स्व. नरसिम्हा राव ने संविधान में 73वें और 74वें संशोधन के माध्यम से उनके सपनों को साकार किया और देश भर में पंचायती राज की स्थापना करवाया। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण चौधरी ने कहा कि राजीव गांधी के सपनों को साकार करने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी राजीव गांधी पंचायती राज संगठन को ग्राम स्तर पर ले जाने में हरसंभव मदद करेगी। कार्यक्रम में छोटा नागपुर एवं पलामू के संयोजक कैसर इकबाल खान ने तीनों कृषि कानून किसानों के लिए खतरनाक है। ये कानून ग्रामीण समाज को तहस-नहस कर देगा। मौके पर खूंटी जिला संयोजक रायल बाखला, पीटर मुंडू व जेवियर कच्छप ने भी संबोधित किया। इसके पूर्व उपस्थित लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इसके बाद राष्ट्रगान से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। बैठक में संगठन के प्रदेश प्रवक्ता एफएन नीलेश, सिमडेगा जोनल संयोजक रेमन बा, खूंटी संयोजक सह कर्रा प्रखंड के प्रमुख रायल बखला, प्रदीप कुमार देवगढि़या, विनायक राय, पलिस पूर्ति, रवि मिश्र समेत कई कांग्रेसी उपस्थित थे।