घर में चल रही थी बेटी की शादी की तैयारी, इधर हो गई पिता की मौत
53 वर्षीय राजू पासवान को जरा भी अंदेशा नहीं होगा कि उसकी मौत ऐसी दर्दनाक होगी और बेटी के हाथ पीले कर ससुराल भेजने की हसरत अधूरी रह जाएगी। तोरपा थाने की पुलिस ने बताया कि राजू पासवान गिरिडीह जिले के डांडीडीह का रहने वाला था।
तोरपा : 53 वर्षीय राजू पासवान को जरा भी अंदेशा नहीं होगा कि उसकी मौत ऐसी दर्दनाक होगी और बेटी के हाथ पीले कर ससुराल भेजने की हसरत अधूरी रह जाएगी। तोरपा थाने की पुलिस ने बताया कि राजू पासवान गिरिडीह जिले के डांडीडीह का रहने वाला था। वह मुंबई में रहकर मजदूरी करता था। 15 दिन बाद उसकी बेटी की शादी होने वाली थी। इसकी तैयारी में घर के सभी लोग जुटे हुए थे। वहीं राजू मुंबई से गुरुवार को लौट रहा था, लेकिन शुक्रवार की सुबह तोरपा-कर्रा मुख्य पथ के झटनी टोली में एक झाड़ी पास उसका शव पड़ा मिला। सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों ने देखा कि एक शव पड़ा है तो उन लोगों ने तुरंत पुलिस को फोन किया। मृतक के सिर में चोट लगी थी और उसका एक पैर भी टूटा हुआ था। सूचना मिलते ही तोरपा पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजनों को सौंप दिया। राजू की मौत कैसे हुई पुलिस छानबीन कर रही है।