धान खरीद की राशि का भुगतान किया जाए
लैंपस में धान की बिक्री करने वाले किसानों को सरकार राशि का अविलंब भुगतान करे।
खूंटी : लैंपस में धान की बिक्री करने वाले किसानों को सरकार राशि का अविलंब भुगतान करे। यह बात सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार ने शुक्रवार को किसानों से रूबरू होने के बाद कही। उन्होंने कहा कि जनवरी माह में सरकारी क्रय केंद्र में धान की बिक्री करने वाले किसान अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण के इस काल में भी इतने महीनों तक किसानों के खाते में धान बिक्री की राशि नहीं पहुंचने से किसान परेशान हैं। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी झारखंड सरकार को पत्र लिख चुके हैं। बावजूद इसके सरकार ने अभी तक किसानों के खाते में राशि नहीं पहुंचाई है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जब वे जिले के अड़की प्रखंड के सिदरी में किसानों और व्यापारियों का हाल जानने पहुंचे तो किसानों ने उनके समक्ष यह बात रखी। किसानों ने बताया कि उनका अनाज औने पौने दाम में व्यापारी खरीद लेते हैं और व्यापारियों के माध्यम से किसानों का अनाज लैंपस पहुंचता है, जिससे किसान त्रस्त हैं। किसानों से लैंपस यदि सीधी खरीद करे तो उन्हें उनके अनाज का सही मूल्य मिल सकता है लेकिन ऐसा नहीं होने से लॉकडाउन की स्थिति में अत्यधिक परेशानी हो रही है। साथ ही किसानों ने बैंकों से ऋण लेकर खेती कार्य किया है लेकिन लॉकडाउन की मार ने किसानों को परेशानी में डाल दिया है। किसानों ने सांसद प्रतिनिधि से कृषि ऋण माफ कराने की गुहार लगाई।