खूंटी में एक लाख के इनामी नक्सली बीजू मुंडा समेत दो गिरफ्तार, हथियार बरामद
Naxalite arrested in khunti. झारखंड के खूंटी में एक लाख के इनामी नक्सली बीजू मुंडा समेत दो को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, खूंटी। नक्सलियों के खिलाफ पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने एक लाख के इनामी नक्सली बीजू मुंडा और उसके सहयोगी चुरता मुंडा को कर्रा थाना क्षेत्र के संगोर जंगल से गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक कट्टा, आठ एमएम के तीन जिंदा कारतूस, संगठन का पर्चा व तीन मोबाइल बरामद किए गए हैं। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक आलोक ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर दी।
उन्होंने बताया कि गत गुरुवार को उन्हें गुप्त सूचना मिली कि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआइ के एरिया कमांडर अखिलेश गोप का राइट हैंड बीजू मुंडा अपने एक साथी के साथ कर्रा थानांतर्गत संगोर जंगल के पास आने वाला है। सूचना मिलते ही एसपी ने कर्रा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन किया। टीम में अवर निरीक्षक अवधेश कुमार, लक्षमण चौधरी, जगदीश चंद्र मुर्मू एवं सैट-4 व कर्रा थाना एवं जरियागढ़ थाना के सशस्त्र बल को शामिल किया गया।
छापामारी टीम ने रात में संगोर जंगल पहुंचकर छापामारी की और कर्रा थानंतर्गत ग्राम संगोर निवासी बीजू मुंडा (पिता जगरनाथ मुंडा) एवं चुरता मुंडा (पिता सोमरा मुंडा) को धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बीजू मुंडा पीएलएफआइ के एरिया कमांडर अखिलेश गोप का अति करीबी है। उसके ऊपर कर्रा, खूंटी व लापुंग थाना में विभिन्न संगीन मामले दर्ज हैं। कर्रा थाना में एक, खूंटी थाना में एक और लापुंग थाना में दर्ज चार मामलों में वह वांछित था। झारखंड सरकार ने उस पर एक लाख रुपये इनाम घोषित किया हुआ है।