विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा भी हुए कोरोना पॉजिटिव
जिले में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा भी कोरोना संक्रमित हो गए। वे अपने खूंटी आवास में आइसोलेट हैं।
खूंटी : जिले में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा भी कोरोना संक्रमित हो गए। वे अपने खूंटी आवास में आइसोलेट हैं।
विदित हो कि गत शुक्रवार को कोरोना की एंटीजन जांच में विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा संक्रमित पाए गए थे। एंटीजन जांच में पॉजिटिव आने के बाद आर्टिफिशियल और ट्रूनेट जांच के लिए भी उनका सैंपल लिया गया था। शनिवार को ट्रूनेट जांच के लिए लिया गया सैंपल इनवैलिड हो गया। इसके बाद दोबारा ट्रूनेट जांच की गई। रात में करीब नौ बजे ट्रूनेट जांच की रिपोर्ट आई, जिसमें वे पॉजिटिव पाए गए। विधायक के चार सुरक्षाकर्मी भी गत शुक्रवार को संक्रमित पाए गए थे। विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने अपने कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि करते हुए बताया कि वे अपने आवास में आइसोलेट हैं। उन्होंने बताया कि वे पिछले दिनों कुछ कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए थे। साथ ही कुछ सर्दी खांसी की शिकायत हो रही थी। इसलिए मैंने अपना टेस्ट कराया और रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में जो लोग उनके संपर्क में आए हों, वे भी अपनी कोरोना जांच करा लें।