खूंटी में चक्रवात 'अर्णब' की आहट! 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल बंद; शिक्षकों को आना होगा स्कूल
चक्रवात 'अर्णब' और भारी बारिश की चेतावनी के कारण खूंटी जिले में 28 और 29 अक्टूबर को सभी स्कूलों में ...और पढ़ें

खूंटी में चक्रवात अर्णब के कारण स्कूल बंद।
HighLights
खूंटी में चक्रवात अर्णब के कारण स्कूल बंद।
28 और 29 अक्टूबर को पठन-पाठन स्थगित।
जागरण संवाददाता, खूंटी। चक्रवात ‘अर्णब’ और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए खूंटी जिले में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूलों में पठन-पाठन स्थगित रहेगा। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, खूंटी के निर्देश पर जिला प्रशासन ने इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड के विभिन्न जिलों में चक्रवात के प्रभाव से भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। खूंटी जिले को ऑरेंज जोन में चिह्नित करते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। इसी के मद्देनजर आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार, जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) तथा निजी विद्यालयों में केजी से 12वीं कक्षा तक पठन-पाठन का कार्य 28 और 29 अक्टूबर को स्थगित रहेगा। हालांकि, निजी विद्यालयों के प्रबंधन को अपने स्तर पर निर्णय लेने की छूट दी गई है।
वहीं, सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को निर्धारित तिथियों में विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों को ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी। जिला प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए एहतियाती कदम उठाते हुए यह आदेश जारी किया है।
