खूंटी पुलिस ने 15 लाख के इनामी जीदन समेत चार नक्सलियों को मार गिराने के साथ 62 को किया गिरफ्तार
खूंटी जिला पुलिस के लिए पीएलएफआइ के रिजनल कमांडर 15 लाख रुपये ईनामी जीदन गुड़िया को मुठभेड़ में मार गिराना वर्ष 2020 की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।
खूंटी : खूंटी जिला पुलिस के लिए पीएलएफआइ के रिजनल कमांडर 15 लाख रुपये ईनामी जीदन गुड़िया को मुठभेड़ में मार गिराना वर्ष 2020 की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। इसके साथ ही पुलिस ने नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के हार्डकोर नक्सली सोना माही, सनिका चंपिया और शांति पूर्ति को भी मुठभेड़ के दौरान मार गिराया है। खूंटी के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि भाकपा माओवादी के साथ पुलिस का एक और पीएलएफआइ नक्सली संगठन के साथ दो बार मुठभेड़ हुई। तीन मुठभेड़ में चार नक्सलियों को मार गिराने के साथ ही पुलिस ने भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के 25 और पीएलएफआइ के 37 नक्सलियों को गिरफ्तार भी किया है। गिरफ्तार नक्सलियों में भाकपा माओवादी संगठन के जोनल कमांडर पांच लाख रुपये ईनामी जोतराय मुंडा के अलावा हार्डकोर नक्सली बिरसा मुंडा उर्फ नैना उर्फ बिरसा बिरहोर शामिल है। वहीं, पीएलफआइ संगठन के दो लाख रुपये ईनामी एरिया कमांडर दीत नाग, एक लाख रुपये ईनामी हार्डकोर लारा तोपनो उर्फ दुल्लु के अलावा एरिया कमांडर मांगु मुंडा व बिरसा मुंडा उर्फ बिरसा ओडेया प्रमुख है।
--
एक एके 47 समेत 23 हथियार व 526 गोली बरामद
नक्सलियों के खिलाफ अभियान में पुलिस ने एक एके 47 समेत कुल 23 हथियार के साथ 526 गोली बरामद किया है। इनमें भाकपा माओवादी संगठन के खिलाफ चलाए गए अभियान में 13 हथियार व 398 गोली और पीएलएफआइ के खिलाफ चलाए अभियान में एक एके 47 समेत दस हथियार व 128 गोली शामिल हैं। इसके साथ ही पुलिस ने भाकपा माओवादी के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 79 आइइडी, विस्फोटक भी बरामद किया है। अभियान के दौरान पुलिस ने 14 मोटरसाइकिल समेत एक बड़ा वाहन बरामद किया है।
----------
674 एकड़ में अफीम की खेती को किया नष्ट
नक्सलियों के साथ ही खूंटी पुलिस ने अवैध अफीम व गांजा के विरूद्ध भी बीते वर्ष सघन अभियान चलाया है। इस दौरान पुलिस ने 674.30 एकड़ में अवैध रूप से किए गए अफीम की खेती को नष्ट किया है। इसके अलावा 87.260 किलोग्राम अवैध अफीम, 8297.900 किलो अवैध डोडा और 11.090 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। अवैध अफीम व गांजा के विरूद्ध चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 66 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो हथियार के साथ चार गोली और 13 मोटरसाइकिलें व आठ वाहन भी बरामद किया है।
----------
हत्या की 75 और बलात्कार की 32 घटना
खूंटी में वर्ष 2020 में हत्या की 75 घटनाएं घटी वहीं बलात्कार की 32 घटना। हत्या और बलात्कार जैसी आपराधिक घटना को रोक पाने पर पुलिस सफल नहीं हो पाई है। हत्या और बलात्कार के बाद लूट की घटना को भी पुलिस रोकने में असफल रही है। जिले में वर्ष 2020 को लूट की 13 मामले दर्ज किए गए हैं। वैसे पुलिस ने कई मामलों का अनुसंधान करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार किया और मामले का पर्दाफाश किया। ----------
वर्ष 2020 के मुख्य अपराध
हत्या - 75
डकैती - 03
लूट - 13
बलात्कार - 32
आर्स एक्ट - 24
साईबर क्राईम - 12
एनडीपीएस - 55
लॉकडाउन उल्लंघन के मामले - 62
विविध - 541
कुल - 817
---
गिरफ्तारी/बरामदगी :
गिरफ्तार अपराधियों की संख्या - 587
बरामद हथियार की संख्या - 18
बरामद गोली की संख्या - 28
बरामद मोटरसाइकिल / वाहन की संख्या - 11/04