कोरोना के योद्धाओं का बढ़ाया मान
वार्ड नंबर 7 में शुक्रवार की शाम कोरोना के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शामिल योद्धाओं को सम्मानित किया गया। चौधरी तालाब रोड में नगर पंचायत के सफाईकर्मियों को स्थानीय महिलाओं ने माला पहना
खूंटी : वार्ड नंबर 7 में शुक्रवार की शाम कोरोना के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शामिल योद्धाओं को सम्मानित किया गया। चौधरी तालाब रोड में नगर पंचायत के सफाईकर्मियों को स्थानीय महिलाओं ने माला पहनाकर और तालियों से स्वागत कर उनका मान बढ़ाया। अचानक मिले इस सम्मान से सफाईकर्मी अभिभूत हो गए। उन्होंने कहा कि हमने तो कभी सोचा भी नहीं था कि इस प्रकार लोग हमारा सम्मान करेंगे। इससे हमें समाज की सेवा करने के लिए नई ऊर्जा मिली है। अब हम दोगुने उत्साह से अपने कर्तव्य का पालन करेंगे। विदित हो कि लॉकडाउन के दौरान नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी नियमित रूप से सफाई के कार्य में जुटे हुए हैं। उनके इस जज्बे को सलाम करने के लिए शुक्रवार को उक्त मोहल्ले की महिलाएं एकजुट होकर उनके स्वागत में खड़ी रहीं। जैसे ही ये कर्मचारी सफाई करने आए तो सबका माला पहनाकर स्वागत किया गया। मौके पर नगर पंचायत की सुपरवाइजर जुबेदा खातून, सफाईकर्मी मनीता देवी, रुनी देवी, रुक्मिन देवी, कौशल्या देवी, पूजा देवी, फूलो देवी, अर्जुन राम गौंझू व गोबई मुंडा का सम्मान किया गया गया। स्वागत करने वालों में हेमलता देवी, कलावती देवी, पुष्पा देवी, सीमा देवी, अनीता देवी, अनीता भगत, नेहा देवी, पिकी देवी व बैजंती देवी आदि शामिल थीं।