राज्य में पूर्ण शराबबंदी की मांग
झारखंड नवनिर्माण दल व महिला मंडल सहयोग संचालन समिति की बैठक शुक्रवार को कचहरी मैदान में आयोजित हुई। झारखंड नवनिर्माण दल के संयोजक विजय सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
खूंटी : झारखंड नवनिर्माण दल व महिला मंडल सहयोग संचालन समिति की बैठक शुक्रवार को कचहरी मैदान में आयोजित हुई। झारखंड नवनिर्माण दल के संयोजक विजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी करने की मांग की गई।
मौके पर विजय सिंह ने कहा कि राज्य में महिलाओं पर अत्याचार, बलात्कार व हत्या की घटनाओं का ग्राफ बढ़ रहा है। सरकार इसे रोकने व बेरोजगारों को रोजगार देने के बजाय महिला मंडलों को मोबाइल व लोन देकर ठगने का काम कर रही है। उन्होंने महिला मंडल को दिए गए लोन को माफ करने की मांग की। उन्होंने 28 सितंबर से 15 नवंबर तक चलने वाले जनमत संग्रह अभियान के तहत गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने की कार्यकर्ताओं से अपील की। कहा कि 24 अक्टूबर को रांची में आहूत पार्टी के प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में क्षेत्र से बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करें। बैठक को महिला नेत्री आनंदनी लुगून ने भी संबोधित किया। बैठक के बाद उपायुक्त कार्यालय में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू करने सहित अन्य मांगें शामिल हैं। बैठक में पुष्पा पन्ना, प्रकाश उरांव, पुनीई उरांव, मुखदेव सिंह, दुर्गनी धान, पार्वती देवी, विनीता देवी, प्रफुल्लित हेरेंज, प्रभ बाखला हेरेंज, मरसा बारला, इलिसबा हेमरोम, नीलमनी देवी, बिगन देवी, मनीता तिग्गा, सेतेंग होरो आदि उपस्थित थे।