नागपुरी गीतों पर झूमे श्रोता
रावण दहन समिति क्लब केकेबीके द्वारा गत बुधवार की रात महादेव मंडा परिसर में रंगारंग नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उदघाटन मुख्य अतिथि बीस सूत्री जिला उपाध्यक्ष ओपी कश्यप ने किया।
खूंटी : रावण दहन समिति क्लब केकेबीके द्वारा गत बुधवार की रात महादेव मंडा परिसर में रंगारंग नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उदघाटन मुख्य अतिथि बीस सूत्री जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश कश्यप ने किया।
इस अवसर पर उन्होंने दशहरा पर्व शांति व सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए लोगों को बधाई दी। साथ ही आगामी वर्षों में भी इसी प्रकार सभी पर्व मनाने का आह्वान किया। इसके बाद सरगम म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। रात दस बजे से सुबह सात बजे तक चले रंगारंग कार्यक्रम में म्यूजिकल ग्रुप के कवि किशन, इग्नेश बड़ाइक, रूपा देवी, आरती देवी, हुलास महतो, रूपेश बड़ाईक, सुनैना आदि ने अपने सुमधुर नागपुरी गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं काजल ग्रुप की नृत्यांगनाओं ने मनमोहक नृत्य से रातभर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन दीपक बड़ाईक ने किया। मौके पर अमित चौधरी, अवधेश कश्यप, आनंद कश्यप सहित सैकड़ों श्रोता उपस्थित थे।